डेविड वॉर्नर: शराब पीकर गाड़ी चलाने का मामला, अगली सुनवाई 24 जून को होगी
नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डेविड वॉर्नर पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप लगा है। रैंडम ब्रेथ टेस्ट में उनका अल्कोहल लेवल कानूनी सीमा से दोगुने से ज्यादा पाया गया। मामला 5 अप्रैल का है, जब सिडनी के पूर्वी इलाके में पुलिस ने रोडसाइड जांच के दौरान उन्हें रोका था।
गुरुवार को वेवर्ली स्थानीय अदालत में इस मामले की पहली सुनवाई हुई। हालांकि, वार्नर को खुद कोर्ट में पेश होने की जरूरत नहीं पड़ी। उनके वकील, बॉबी हिल, ने अदालत को बताया कि पुलिस को कुछ रिप्रेजेंटेशन दिए गए हैं और उन पर जवाब आने तक मामले को आगे बढ़ाने की मांग की गई है। कोर्ट ने अगली सुनवाई 24 जून तय की है।
वार्नर के वकील ने कहा कि क्रिकेटर अपनी गलती मानते हैं और उन्हें इस फैसले पर पछतावा है। हिल के मुताबिक, वार्नर ने एक दोस्त के अपार्टमेंट में तीन ग्लास वाइन पी थी और उसके बाद उबर लेने की बजाय खुद कार चलाने का फैसला किया, जिसे उन्होंने लापरवाही और बेवकूफी भरा कदम बताया।
हिल ने यह भी कहा कि शराब पीना कोई अपराध नहीं है, लेकिन शराब पीने के बाद गाड़ी चलाना गलत है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा रोके जाने से करीब 11 मिनट पहले वार्नर ने आखिरी ड्रिंक ली थी। वकील ने आरोप लगाया कि दूसरा ब्रेथ टेस्ट कराने में पुलिस ने करीब 52 मिनट का समय लिया।
वकील के अनुसार, वार्नर किसी भी आम नागरिक की तरह कानूनी प्रक्रिया का सामना करेंगे और उन्हें सजा मिलने की भी उम्मीद है।
वॉर्नर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन लीग क्रिकेट में सक्रिय हैं। शराब वाला मामला सामने आने के बाद उनके करियर पर सवाल उठने लगे हैं। बीबीएल में सिडीन थंडर्स और पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स की कप्तानी करने वाले वॉर्नर की कप्तानी बरकरार रहेगी या नहीं, ये आने वाला समय बताएगा।
--आईएएनएस
पीएके

