दतिया उपचुनाव: भगवा पार्टी से चुनावी मैदान में संजना किन्नर, जनसेवा को बनाया चुनावी एजेंडा
दतिया, 21 जुलाई (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवारों के बीच अब भगवा पार्टी की प्रत्याशी संजना किन्नर भी चुनावी मैदान में उतर चुकी हैं। संजना किन्नर ने दावा किया कि उनका चुनावी घोषणा पत्र तैयार है और यदि जनता उन्हें विधायक बनने का अवसर देती है तो वह दतिया की मूलभूत समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगी।
संजना किन्नर ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि उनका रोडमैप और संकल्प पत्र पूरी तरह तैयार है, जिसमें दतिया की उन मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिनसे अब तक बड़ी संख्या में लोग वंचित रहे हैं। उनके घोषणा पत्र में बुजुर्गों, विद्यार्थियों, झुग्गी-झोपड़ी और स्लम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के साथ-साथ किन्नर समाज के उत्थान के लिए भी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल की गई हैं। उनका उद्देश्य केवल चुनावी वादे करना नहीं है, बल्कि उन्हें धरातल पर लागू करना है। अन्य नेताओं की तरह केवल घोषणाएं कर आगे बढ़ जाना उनकी राजनीति का हिस्सा नहीं है। जनता ने यदि उन पर विश्वास जताया तो संकल्प पत्र में किए गए प्रत्येक वादे को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
संजना किन्नर ने कहा कि किन्नर समाज का जनता के साथ वर्षों पुराना सीधा जुड़ाव रहा है। किन्नर समाज लगातार लोगों के बीच रहता है और वर्षभर आमजन से सीधा संवाद करता है। यही अनुभव उन्हें जनता की वास्तविक समस्याओं को समझने और उनका समाधान निकालने में मदद करेगा। यदि उन्हें विधायक के रूप में जनता का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलता है, तो लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनका समाधान कराना उनके लिए और अधिक आसान हो जाएगा। जनसेवा का इससे बेहतर अवसर उनके लिए दूसरा नहीं हो सकता।
चुनावी एजेंडे पर बात करते हुए संजना किन्नर ने स्पष्ट किया कि उनका पूरा ध्यान दतिया के विकास पर केंद्रित है। वह इस बात में नहीं पड़ना चाहतीं कि पहले किसने क्या किया और किसने क्या नहीं किया। उनका लक्ष्य केवल यह है कि वह दतिया के लिए क्या कर सकती हैं और क्षेत्र के विकास में किस प्रकार योगदान दे सकती हैं। यदि जनता उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनती है तो शिक्षा, बुनियादी सुविधाएं, सामाजिक कल्याण और वंचित वर्गों के उत्थान को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता उनके विकास के विजन और सेवा की भावना को देखते हुए उन्हें समर्थन देगी।
--आईएएनएस
पीएसके

