Samachar Nama
×

दतिया उपचुनाव में प्रचार के लिए निकले भाजपा के रथ

दतिया उपचुनाव में प्रचार के लिए निकले भाजपा के रथ
दतिया उपचुनाव में प्रचार के लिए निकले भाजपा के रथ

दतिया, 21 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में हो रहे उपचुनाव का प्रचार धीरे-धीरे जोर पकड़ने लगा है और भारतीय जनता पार्टी ने तो प्रचार रथों को भी रवाना कर दिया है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने मंगलवार को दतिया स्थित भाजपा चुनाव कार्यालय से विधानसभा उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उन्होंने कहा कि प्रचार रथों के माध्यम से सभी मंडलों में भाजपा सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश अब घर-घर और गांव-गांव तक पहुंचेगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे जनता के बीच जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से रखें तथा भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर नई पहचान बना चुका है और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। डबल इंजन की सरकार विकसित भारत और विकसित मध्य प्रदेश के संकल्प को तेजी से साकार कर रही है।

भाजपा सरकार ने जनकल्याण, अधोसंरचना, गरीब कल्याण, किसान हित और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिनकी जानकारी प्रचार रथों के माध्यम से प्रत्येक नागरिक तक पहुंचेगी। कांग्रेस के पास जनता को बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है, इसलिए वह केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की बात वही कर सकता है जिसने वास्तव में विकास किया हो। कांग्रेस ने अपनी सरकार के दौरान दतिया विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कोई कार्य नहीं किया और पिछले ढाई वर्षों में भी जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी। दतिया में हो रहे विधानसभा के उपचुनाव के लिए भाजपा ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है तो वहीं कांग्रेस से घनश्याम सिंह चुनाव मैदान में है। यहां 30 जुलाई को मतदान होना है।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags