Samachar Nama
×

दतिया उपचुनाव के नतीजे से पहले कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई, राजेंद्र भारती पार्टी से बाहर

दतिया उपचुनाव के नतीजे से पहले कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई, राजेंद्र भारती पार्टी से बाहर
दतिया उपचुनाव के नतीजे से पहले कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई, राजेंद्र भारती पार्टी से बाहर

दतिया, 2 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा सीट के उपचुनाव के नतीजे आने से एक दिन पहले कांग्रेस ने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को पार्टी से बाहर कर दिया है। पार्टी ने यह कार्रवाई भीतरघात के आरोपों के बाद की है।

कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने चुनाव के दौरान पार्टी के अंदर ही विरोध और भीतरघात का आरोप लगाया था। इसी के बाद संगठन ने राजेंद्र भारती पर कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया।

बता दें कि दतिया सीट राजेंद्र भारती की सदस्यता खत्म होने के बाद खाली हुई थी। दिल्ली की राउज एवेन्यू जिला अदालत ने 2 अप्रैल को कोऑपरेटिव बैंक घोटाले के मामले में उन्हें दोषी ठहराते हुए 3 साल की सजा और 1 लाख रुपये का जुर्माना सुनाया था। सजा के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता स्वतः समाप्त हो गई थी।

2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने इसी सीट से जीत दर्ज की थी। उपचुनाव में कांग्रेस ने इस सीट को बचाने के लिए घनश्याम सिंह को मैदान में उतारा। उनके समर्थन में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रचार किया।

भाजपा ने 2023 में मिली हार का बदला लेने के लिए नरोत्तम मिश्रा को हटाकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रोड शो कर प्रचार संभाला, जिसमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी शामिल हुए।

दतिया में 30 जुलाई को शांतिपूर्ण मतदान हुआ। जिला कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े के अनुसार मतदान प्रतिशत 71.44 रहा, जो 2023 के 80% से 8.76% कम है। वोटों की गिनती सोमवार सुबह से गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज में शुरू होगी और 3 अगस्त की दोपहर तक नतीजा साफ हो जाएगा।

मुख्य मुकाबला भाजपा के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच माना जा रहा है। आजाद समाज पार्टी के दामोदर सिंह यादव भी मैदान में हैं। कुल 21 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags