Samachar Nama
×

दमन, दादरा एवं नगर हवेली और दक्षिण गुजरात में भारी बारिश और बाढ़ के बीच तटरक्षक बल ने 170 लोगों की बचाई जान

दमन, दादरा एवं नगर हवेली और दक्षिण गुजरात में भारी बारिश और बाढ़ के बीच तटरक्षक बल ने 170 लोगों की बचाई जान
दमन, दादरा एवं नगर हवेली और दक्षिण गुजरात में भारी बारिश और बाढ़ के बीच तटरक्षक बल ने 170 लोगों की बचाई जान

नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। लगातार हो रही भारी बारिश, बाढ़ के तेज बहाव और बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच भारतीय तटरक्षक बल ने दमन, दादरा एवं नगर हवेली और दक्षिण गुजरात में व्यापक राहत एवं बचाव अभियान चलाकर 170 लोगों की जान बचाई है।

भारतीय तटरक्षक बल ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर 22 जुलाई की मध्यरात्रि से अब तक 11 अलग-अलग बचाव अभियान चलाए। इन अभियानों में तटरक्षक बल की डिजास्टर रिलीफ टीमें और हेलीकॉप्टरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

तटरक्षक बल के जवानों ने जलमग्न क्षेत्रों में पैदल पहुंचकर बाढ़ प्रभावित इलाकों में नावों के जरिए राहत पहुंचाकर और सड़क संपर्क टूट जाने के बावजूद लगातार बचाव कार्य जारी रखा। वहीं, तटरक्षक बल के हेलीकॉप्टरों ने दुर्गम और गंभीर रूप से जलमग्न इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकाला।

बचाव अभियान की शुरुआत 22 और 23 जुलाई की रात को सिलवासा के खानवेल क्षेत्र से पांच फंसे हुए लोगों को निकालने से हुई। इसके बाद कडैया तटीय क्षेत्र में बाढ़ग्रस्त नदी किनारे फंसे तीन मछुआरों को सुरक्षित बचाया गया।

सबसे बड़े अभियानों में से एक में वेलस्पन इंडस्ट्रियल एरिया में फंसे 60 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। बाढ़ के कारण इस क्षेत्र का सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया था।

इसके अलावा एयरो फाइबर प्राइवेट लिमिटेड के पास बाढ़ के पानी में फंसी एक बस से सात लोगों को निकाला गया। डोंगरी क्षेत्र से 10 लोगों को बचाया गया, जबकि वलसाड-पारडी क्षेत्र से चार लोगों को हेलीकॉप्टर के जरिए सुरक्षित निकाला गया।

रिलायंस इंडस्ट्रीज क्षेत्र में फंसे आठ लोगों को भी रातभर चले अभियान में सुरक्षित निकाला गया। एक अन्य महत्वपूर्ण अभियान में आवध सोसायटी क्षेत्र से 10 लोगों को बचाया गया। इनमें नौ माह की गर्भवती महिला और सांस संबंधी समस्या से पीड़ित एक महिला भी शामिल थीं।

24 जुलाई को भारतीय तटरक्षक बल के दो हेलीकॉप्टरों ने नवसारी जिले के मेंदर गांव से 33 फंसे हुए लोगों को एयरलिफ्ट किया। इनमें सीने में गंभीर दर्द से पीड़ित एक व्यक्ति भी शामिल था, जिसे समय पर चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई।

भारतीय तटरक्षक बल ने कहा कि यह अभियान उसकी त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता, परिचालन तैयारी और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान लोगों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। लगातार बारिश, तेज जलधाराओं और जोखिम भरी परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने बिना रुके राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा।

तटरक्षक बल ने कहा कि वह नागरिक प्रशासन को हरसंभव सहायता देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और बाढ़ की मौजूदा स्थिति को देखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए उच्च स्तर की तैयारी बनाए हुए है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Share this story

Tags