Samachar Nama
×

दलित-पिछड़ों के नाम पर समाज को जातियों में बांट रहीं सपा-कांग्रेस: पंकज चौधरी

दलित-पिछड़ों के नाम पर समाज को जातियों में बांट रहीं सपा-कांग्रेस: पंकज चौधरी
दलित-पिछड़ों के नाम पर समाज को जातियों में बांट रहीं सपा-कांग्रेस: पंकज चौधरी

सहारनपुर, 24 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर दलितों तथा पिछड़ों के नाम पर समाज को जातियों में बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस पीडीए तथा संविधान की आड़ में सामाजिक विभाजन की राजनीति कर रही हैं। दलित और पिछड़े समाज के प्रति इनका प्रेम केवल चुनावी लॉलीपॉप है। सपा शासन में गुंडे-माफिया सत्ता चलाते थे और चाचा-भतीजा मिलकर प्रदेश को लूटते थे। उत्तर प्रदेश की जनता इनके शासन को चार बार देख चुकी है और इनके राजनीतिक मंसूबों को अच्छी तरह समझती है।

पंकज चौधरी मंगलवार को सहारनपुर में आयोजित समरसता संकल्प यात्रा एवं जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि सतगुरु रविदास महाराज के समरसता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा और एनडीए का संकल्प है। संत रविदास ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां सभी को अन्न मिले और किसी के साथ भेदभाव न हो। इसी विचार को केंद्र में रखकर एनडीए सरकारें समरस समाज के निर्माण के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि संत रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में 29 जुलाई को काशी से समरसता संकल्प अभियान की शुरुआत हुई थी। इसके तहत अब तक देशभर में करीब 29 हजार कलश वंदना यात्राएं निकाली जा चुकी हैं और 51 हजार स्थानों पर समरस दीप महोत्सव आयोजित किए गए हैं। अभियान को 30 हजार से अधिक संतों का आशीर्वाद मिला है।

इसी क्रम में 18 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जालंधर से 16 दिवसीय समरसता संकल्प यात्रा को रवाना किया था। सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से होते हुए 2,402 किलोमीटर की यात्रा मंगलवार को सहारनपुर पहुंची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने उन्हें जीवनकाल में सम्मान नहीं दिया और दशकों तक भारत रत्न से वंचित रखा।

उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 के कारण जम्मू-कश्मीर में वाल्मीकि और दलित समाज नागरिक अधिकारों तथा आरक्षण से वंचित रहा। मोदी सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाकर उन्हें बराबरी का अधिकार दिलाया। कांग्रेस शासन में गरीबों तक एक रुपये में से केवल 15 पैसे पहुंचते थे, जबकि 2014 से अब तक मोदी सरकार ने 54 लाख करोड़ रुपए सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे हैं। कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर संविधान का अपमान किया और आज उसी संविधान के नाम पर राजनीति कर रही है।

सपा पर हमला बोलते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि सपा सरकार ने संत रविदास नगर का नाम बदलकर समाज की आस्था का अपमान किया था। उसके शासनकाल में गुंडे-माफियाओं का बोलबाला था। गरीबों की जमीनों पर कब्जे और सरकारी नौकरियों में पक्षपात आम बात थी। उन्होंने आरोप लगाया कि 2012 से 2017 के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दंगों के कारण कर्फ्यू और पलायन की स्थिति बनी रही। उस समय दंगाइयों को हेलीकॉप्टर से बुलाकर सम्मानित किया जाता था, जबकि आज कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा होती है।

सहारनपुर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने क्षेत्र की कनेक्टिविटी, शिक्षा, पर्यटन और पारंपरिक उद्योगों को मजबूती दी है। सहारनपुर से दिल्ली तक कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। एक्सप्रेसवे से क्षेत्र के व्यापारियों, किसानों, काष्ठ कारीगरों और आम नागरिकों को लाभ मिल रहा है। पुवांरका में मां शाकम्भरी राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना से सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा के अवसर मिले हैं। मां शाकम्भरी देवी धाम के पर्यटन विकास के लिए राज्य सरकार ने 50 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है।

उन्होंने कहा कि सहारनपुर की प्रसिद्ध काष्ठ कला को ओडीओपी और जीआई टैग के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। खाताखेड़ी, मंडी समिति रोड, चिलकाना रोड और आसपास के गांवों के डेढ़ लाख से अधिक कारीगरों को टूलकिट, सस्ते ऋण और अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेलों में मुफ्त स्टॉल जैसी सुविधाएं दी गई हैं। देवबंद में स्थापित एटीएस कमांडो प्रशिक्षण केंद्र पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सुरक्षा को मजबूती प्रदान कर रहा है।

पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में दलित और वंचित समाज के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। बाबा साहब से जुड़े पांचों स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है। स्टैंड अप इंडिया, छात्रवृत्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से दलित एवं गरीब परिवारों को शिक्षा, रोजगार, आवास और स्वास्थ्य सुविधाएं मिली हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 81 करोड़ देशवासियों को राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। यह संत रविदास के सबको अन्न मिलने के विचार को साकार करने का प्रयास है।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के 163 केंद्रों पर आईएएस-पीसीएस की मुफ्त कोचिंग दी जा रही है। प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 40 से बढ़कर 85 हो गई है और दो एम्स संचालित हैं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पांच लाख से अधिक बेटियों का विवाह कराया गया है।

वहीं, काशी में संत रविदास की जन्मस्थली सीरगोवर्धनपुर का विकास कराया गया है। अंत में उन्होंने कहा कि संत रविदास ने निष्काम कर्म का संदेश दिया था। भाजपा सरकार अंत्योदय के संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए काम कर रही है। समरसता, सुरक्षा और विकास के आधार पर सशक्त उत्तर प्रदेश का निर्माण ही सरकार का लक्ष्य है।

--आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags