दक्षिण त्रिपुरा: जमीन के अंदर छिपा रखा था दो क्विंटल गांजा, पुलिस ने किया बरामद
दक्षिण त्रिपुरा, 17 जून (आईएएनएस)। जिले में मादक पदार्थ की तस्करी रोकने के लिए तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक घर के अंदर छिपाया गया बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को दोपहर 2:10 बजे से शाम 4:00 बजे के बीच बारी पुलिस स्टेशन की टीम ने मिलकर एक छापेमारी की और तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई बेलोनिया सब-डिविजन के तहत आने वाले वेस्ट पिपरियाखोला, साधुपारा के रहने वाले अमल दास (52) के घर पर की गई।
तलाशी के दौरान एक नए बने घर की खुदाई करने पर जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए 6 प्लास्टिक के ड्रम और 5 प्लास्टिक की बोरियां बरामद हुईं। इन बोरियों में 210.5 किलोग्राम सूखा गांजा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। साथ ही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। इलाके में पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही घर का मालिक और उसका बेटा वहां से भाग गए। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी तरह उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में 9 जून को पुलिस ने लगभग छह क्विंटल गांजा जब्त करते हुए ड्रग तस्करों के गिरोह का भंडाफोड़ किया था। बरामद किए गए नशीले पदार्थ की कीमत ब्लैक मार्केट में लगभग 10 करोड़ रुपये है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच और वेस्ट जोन पुलिस के एक संयुक्त ऑपरेशन के तहत की गई। टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक ट्रक को रोका और तलाशी ली तो गांजे की पूरी खेप बरामद हुई। अधिकारियों का मानना है कि बरामद की गई खेप कई जिलों में फैले एक बड़े डिस्ट्रीब्यूशन ऑपरेशन का हिस्सा थी।
वहीं, यूपी के देवरिया जिले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स के एक संयुक्त ऑपरेशन में गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को खत्म कर दिया था। अधिकारियों ने 406.8 किलोग्राम गांजा जब्त किया और ड्रग तस्करी की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया था।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम

