दक्षिण अफ्रीका के लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने खेली टी20 की सबसे बड़ी पारी, पीछे छूटा क्रिस गेल का 13 साल पुराना रिकॉर्ड
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान क्रिस गेल की टी20 क्रिकेट में खेली गई सबसे बड़ी पारी का 13 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया है। दक्षिण अफ्रीका के लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने सीएसए टी20 चैलेंज टूर्नामेंट के दौरान क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा।
लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने ब्लोमफोंटेन में सीएसए टी20 चैलेंज में टाइटन्स के लिए खेलते हुए नाइट्स के खिलाफ मात्र 79 गेंदों पर 188 रन की नाबाद पारी खेली। प्रीटोरियस सिर्फ 12 रन से अपना दोहरा शतक चूक गए, लेकिन 13 साल पुराना क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ने में कामयाब रहे। अब टी20 की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी प्रीटोरियस के नाम दर्ज हो गई है।
क्रिस गेल ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ नाबाद 175 रन की पारी खेली थी। 66 गेंदों की इस पारी में गेल ने 17 छक्के और 13 चौके लगाए थे।
प्रीटोरियस की पारी पर नजर डालें, तो उन्होंने 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद अगली 16 गेंदों पर उन्होंने अपना शतक पूरा कर लिया। इस विस्फोटक बल्लेबाज ने अपनी पारी में 79 गेंदों पर 188 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 13 छक्के और 15 चौके निकले।
20 साल के बाएं हाथ के विकेटकीपर-बल्लेबाज लुआन-ड्रे प्रीटोरियस को दक्षिण अफ्रीका के सर्वाधिक प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में से एक माना जाता है और उन्हें देश के क्रिकेट का भविष्य भी माना जाता है। वह दक्षिण अफ्रीका के लिए तीनों फॉर्मेट में डेब्यू कर चुके हैं। प्रीटोरियस 2 टेस्ट मैचों की 3 पारियों में 1 शतक और 1 अर्धशतक की मदद से 235, 3 वनडे की 3 पारियों में 1 अर्धशतक की मदद से 142 और 17 टी20 मैचों में 1 शतक और 2 अर्धशतक की मदद से 427 रन बना चुके हैं।
मैच की बात करें तो टाइटन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 267 रन बनाए थे। नाइट्स की टीम 17.2 ओवर में 143 रन पर सिमट गई और 124 रन से मैच हार गई।
--आईएएनएस
पीएके

