50 हजार रुपए के अवैध पटाखों के साथ दो गिरफ्तार, दादरी पुलिस की कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। दीपावली पर अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में गौतमबुद्धनगर पुलिस ने दादरी कस्बे में कार्रवाई करते हुए अवैध पटाखों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच कार्टन पटाखे बरामद किए हैं। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। यह कार्रवाई थाना दादरी पुलिस और ग्रेटर नोएडा स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से की।
पुलिस के अनुसार 19 अक्टूबर को थाना दादरी पुलिस और स्वाट टीम ग्रेटर नोएडा को स्थानीय खुफिया जानकारी और बीट पुलिसिंग के माध्यम से अवैध पटाखों के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दादरी कस्बे में कार्रवाई की। इस दौरान दो संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से पांच कार्टन पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने पटाखों को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरिस (19) और निशांत (23) के रूप में की है। दोनों आरोपी गौतमबुद्धनगर के थाना दादरी क्षेत्र के गौतमपुरी के निवासी हैं। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
हालांकि, पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि बरामद पटाखे कहां से लाए गए थे और उन्हें कहां बेचा जाना था। इस संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद मामले की अन्य कड़ियां स्पष्ट हो सकेंगी। इस मामले में थाना दादरी में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
दीपावली के अवसर पर पटाखों की मांग बढ़ने के कारण अवैध भंडारण और बिक्री की आशंका बनी रहती है। ऐसे में पुलिस स्थानीय खुफिया तंत्र और बीट पुलिसिंग के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है। दादरी में हुई यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है। पुलिस की इस कार्रवाई में पांच कार्टन पटाखों की बरामदगी हुई है, जिनकी कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब आगे की वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
--आईएएनएस
पीकेटी/वीसी

