अर्नब चक्रवात ने मचाई तबाही: आंध्र-ओडिशा में भारी बारिश, वीडियो में जाने 5 हजार लोग सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट; 150 फीट ऊंचा गणेश पंडाल ढहा
बंगाल की खाड़ी से उठे अर्नब चक्रवात ने देर रात उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट को प्रभावित किया। रात करीब 11 बजे से 1 बजे के बीच इसके तट से टकराने के बाद दोनों राज्यों के कई तटीय जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर संवेदनशील इलाकों में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है। करीब 5 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
ओडिशा के 10 जिलों में स्कूल बंद
चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए दक्षिण ओडिशा के 10 जिलों में स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण सड़क और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। मलकानगिरी जिले में चार पुलों के डूब जाने से यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है। सुरक्षा कारणों से नेशनल हाईवे के कुछ हिस्सों को भी बंद किया गया है।राहत और बचाव दल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन की ओर से लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।
राउरकेला में 150 फीट ऊंचा गणेश पंडाल गिरा
चक्रवात का असर राउरकेला में भी देखने को मिला। तेज हवाओं के कारण सिविल टाउनशिप में बनाया गया करीब 150 फीट ऊंचा गणेश पंडाल ढह गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया गया।
आंध्र प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के कलिंगपट्टनम और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं। कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है। विजयवाड़ा के निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।विजयवाड़ा के कई स्कूलों में लगातार दूसरे दिन छुट्टी घोषित की गई है। प्रशासन ने बच्चों और अभिभावकों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया है।
मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह
चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए मछुआरों को शुक्रवार सुबह तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। समुद्र में तेज लहरें और हवाएं चलने की आशंका के कारण तटीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
पश्चिम बंगाल में भी बारिश का असर
अर्नब चक्रवात का असर पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी दिखाई दे रहा है। कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। वहीं दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की अपील की है।चक्रवात के कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में अगले कुछ घंटों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों पर नजर बनाए हुए हैं।

