Samachar Nama
×

अर्नब चक्रवात कमजोर पड़ा, फिर भी 9 राज्यों में असर जारी; वीडियो में जाने यूपी के 50 शहरों में बारिश, सिक्किम में लैंडस्लाइड से तबाही

अर्नब चक्रवात कमजोर पड़ा, फिर भी 9 राज्यों में असर जारी; वीडियो में जाने यूपी के 50 शहरों में बारिश, सिक्किम में लैंडस्लाइड से तबाही

बंगाल की खाड़ी से उठा अर्नब चक्रवात अब कमजोर पड़ चुका है, लेकिन इसका असर कई राज्यों में अभी भी देखने को मिल रहा है। चक्रवात के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के करीब 50 शहरों में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और अंधेरा पसरा रहा।ग्रामीण इलाकों में तेज हवाओं के कारण कई जगह फसलों को नुकसान पहुंचा है। आंधी जैसी हवाओं से खेतों में खड़ी फसलें गिर गईं, वहीं कई इलाकों में बारिश का पानी भरने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है।

सिक्किम में लैंडस्लाइड, 20 से ज्यादा घर और सरकारी क्वार्टर बहे

चक्रवात के असर से सिक्किम में भी भारी बारिश देखने को मिली। ग्यालशिंग जिले के रिंबी गांव में गुरुवार रात लगातार बारिश के बाद लैंडस्लाइड हो गया। भूस्खलन की चपेट में आने से 20 से ज्यादा घर और सरकारी क्वार्टर बह गए।हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

ओडिशा में बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा

चक्रवात के कारण ओडिशा में भारी बारिश के साथ अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में निचले इलाकों और लैंडस्लाइड प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले करीब 10 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।प्रशासन ने करीब 200 राहत केंद्र बनाए हैं, जहां प्रभावित लोगों को ठहराया गया है। मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

अगले 24 घंटे इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, अर्नब चक्रवात का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। अगले 24 घंटे में छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में भारी बारिश होने की संभावना है।इन राज्यों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

9 राज्यों में चक्रवात का असर

अर्नब चक्रवात के कारण देश के करीब 9 राज्य प्रभावित हुए हैं। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, चक्रवात के कमजोर होने के बावजूद इसके अवशेष बादल कई राज्यों में बारिश करा सकते हैं। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।

Share this story

Tags