Cyclone Alert: सैटेलाइट के बिना कैसे लगाया जाता था चक्रवातों का पता? जहाज, बैरोमीटर और रेडियो थे सबसे बड़े सहारे
ओडिशा में तीन सप्ताह के भीतर तीसरे चक्रवात का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र तेजी से मजबूत हो सकता है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। अनुमान है कि सोमवार तक यह दक्षिणी और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।
आज मौसम की निगरानी के लिए सैटेलाइट, रडार और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन 1960 के दशक से पहले चक्रवातों का पता लगाना आसान नहीं था। उस समय मौसम वैज्ञानिक जहाजों से मिलने वाली जानकारी, बैरोमीटर, हवा की दिशा और समुद्र की स्थिति के आधार पर तूफानों का अनुमान लगाते थे।
जहाजों से मिलती थी तूफान की पहली जानकारी
सैटेलाइट के अभाव में खुले समुद्र में मौजूद जहाज मौसम की जानकारी जुटाने का महत्वपूर्ण जरिया थे। व्यापारिक जहाज और लाइट शिप तेज हवाओं, ऊंची लहरों और समुद्र में होने वाले बदलावों की जानकारी तटीय मौसम केंद्रों तक पहुंचाते थे।
लाइट शिप ऐसे जहाज होते थे, जिनका इस्तेमाल समुद्र में रोशनी के जरिए संकेत देने के लिए किया जाता था। इनसे मिलने वाली सूचनाएं मौसम वैज्ञानिकों को समुद्र में बन रहे खतरनाक हालात समझने में मदद करती थीं।
बैरोमीटर से समझते थे चक्रवात का खतरा
उस दौर में बैरोमीटर चक्रवात की पहचान करने का प्रमुख उपकरण था। चक्रवात के केंद्र के आसपास वायुमंडलीय दबाव काफी कम हो जाता है। जब तूफान किसी जहाज या तटीय इलाके के करीब पहुंचता था, तो बैरोमीटर में दबाव तेजी से गिरने लगता था।
मौसम विशेषज्ञ इस बदलाव को तूफान आने का संकेत मानते थे। दबाव में लगातार गिरावट से उन्हें अंदाजा हो जाता था कि समुद्र में मौसम तेजी से बिगड़ रहा है।
हवा और समुद्र की लहरों से मिलते थे संकेत
चक्रवात का अनुमान लगाने में हवा की दिशा और समुद्र की स्थिति भी अहम भूमिका निभाती थी। तट के पास अचानक ऊंची लहरें उठना, हवा की दिशा बदलना और नमी में असामान्य बदलाव आने वाले तूफान के संकेत माने जाते थे।
स्थानीय मछुआरे और नाविक भी अपने अनुभव के आधार पर बादलों के रंग, हवाओं और समुद्री हलचल को देखकर मौसम खराब होने का अनुमान लगाते थे।
मौसम संबंधी गुब्बारों और विमानों से मिली मदद
1940 के दशक में मौसम की निगरानी के तरीके पहले से ज्यादा व्यवस्थित होने लगे थे। 1941 में रेडियोसोंड से लैस मौसम संबंधी गुब्बारों का इस्तेमाल शुरू हुआ। इनकी मदद से वायुमंडल के तापमान, दबाव और नमी से जुड़ी जानकारी जुटाई जाती थी।
इसके बाद 1944 के आसपास विशेष निगरानी विमानों का इस्तेमाल भी बढ़ा। ये विमान तूफानों के आसपास और कई बार उनके भीतर जाकर हवा की रफ्तार तथा वायुमंडलीय दबाव से जुड़ा डेटा इकट्ठा करते थे।
टेलीग्राफ और रेडियो से पहुंचती थी चेतावनी
चक्रवात की जानकारी जुटाना जितना जरूरी था, उतना ही जरूरी उसे लोगों तक पहुंचाना भी था। 19वीं सदी के मध्य में टेलीग्राफ के आने से अलग-अलग शहरों और तटीय मौसम केंद्रों के बीच सूचनाएं तेजी से भेजना संभव हुआ। बाद में रेडियो ने मौसम संबंधी चेतावनियों को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने में मदद की।
बंदरगाहों और लाइटहाउस पर चेतावनी वाले झंडे लगाए जाते थे। रात के समय लालटेन और अलग-अलग रंगों की रोशनी से नाविकों और मछुआरों को खतरे का संकेत दिया जाता था। अखबारों में भी मौसम विभाग की चेतावनियां प्रकाशित होती थीं।
सायरन और मंदिर की घंटियों से अलर्ट होते थे लोग
दूरदराज के इलाकों तक सूचना पहुंचाने के लिए स्थानीय स्तर पर भी कई तरीके अपनाए जाते थे। खतरनाक मौसम की स्थिति में सायरन बजाए जाते थे। कई जगह मंदिरों और चर्च की घंटियों तथा ढोल के जरिए लोगों को सतर्क किया जाता था।
हालांकि, उस समय हर समुद्री क्षेत्र पर लगातार नजर रखना संभव नहीं था। जहाजों और मौसम केंद्रों से मिलने वाली जानकारी सीमित होती थी, इसलिए समुद्र में दूर बन रहे तूफानों का समय रहते पता लगाना बड़ी चुनौती था। आधुनिक सैटेलाइट तकनीक ने बाद में इस पूरी प्रक्रिया को अधिक सटीक और प्रभावी बना दिया।

