Samachar Nama
×

सीडब्ल्यूजी 2026: पुतुल सोनोवाल का शानदार प्रदर्शन जारी, फॉकलैंड आइलैंड्स के अलेक्जेंडर को हराया

सीडब्ल्यूजी 2026: पुतुल सोनोवाल का शानदार प्रदर्शन जारी, फॉकलैंड आइलैंड्स के अलेक्जेंडर को हराया
सीडब्ल्यूजी 2026: पुतुल सोनोवाल का शानदार प्रदर्शन जारी, फॉकलैंड आइलैंड्स के अलेक्जेंडर को हराया

ग्लासगो, 25 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के टॉप लॉन बॉल्स खिलाड़ी पुतुल सोनोवाल ने ग्लासगो में पुरुषों के सिंगल्स सेक्शनल प्ले में फॉकलैंड आइलैंड्स के सेसिल अलेक्जेंडर को कड़े मुकाबले में हराकर कॉमनवेल्थ गेम्स (सीडब्ल्यूजी) 2026 में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा।

दोनों खिलाड़ियों के बीच हुआ मुकाबला टाई-ब्रेक तक पहुंचा, लेकिन पुतुल ने शानदार खेल दिखाते हुए जीत हासिल की। मौजूदा एशियाई चैंपियन सोनोवाल ने पहला सेट 7-5 से जीतकर बढ़त बनाई। हालांकि, सेसिल अलेक्जेंडर ने वापसी करते हुए दूसरा सेट 8-6 से जीता और मैच को टाई-ब्रेकर तक पहुंचा दिया। इसके बाद सोनोवाल ने टाई-ब्रेक 1-0 से जीतकर जीत पक्की की।

भारतीय खिलाड़ी का अगला मुकाबला शनिवार को सेक्शन डी के मैच में मलेशियाई खिलाड़ी से होगा। इससे पहले गुरुवार को, सोनोवाल ने पुरुषों के सिंगल्स सेक्शनल प्ले में मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन और वर्ल्ड बॉल्स हॉल ऑफ फेम में शामिल रयान बेस्टर को हराकर कॉमनवेल्थ गेम्स में अपने डेब्यू पर बड़ा उलटफेर किया और बॉल्स प्रतियोगिता में भारत की शानदार शुरुआत को आगे बढ़ाया।

सोनोवाल ने सेक्शन डी में अपने अभियान की शुरुआत कनाडा के बेस्टर को हराकर की। यह रोमांचक मुकाबला आखिरी क्षणों तक चला और इसका फैसला टाई-ब्रेकर में हुआ। सेक्शन डी के राउंड 1 में मैच 2 के रेगुलर समय में 1-1 से बराबरी पर रहने के बाद सोनोवाल ने टाई-ब्रेकर में जीत दर्ज की।

दुनिया में 21वें नंबर के भारतीय खिलाड़ी ने पहला सेट 5-4 से जीतकर दो बार के सीडब्ल्यूजी सिल्वर मेडलिस्ट बेस्टर के खिलाफ बढ़त बनाई। हालांकि, कनाडा के खिलाड़ी ने वापसी की और दूसरा सेट 7-3 के स्कोर से जीता। मैनचेस्टर में 2006 के संस्करण में पुरुषों के सिंगल्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता था, जबकि 2014 और 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम किया था।

रयान बेस्टर काफी अनुभवी खिलाड़ी माने जाते हैं। उन्होंने वर्ल्ड आउटडोर चैंपियनशिप में सिंगल्स और पेयर्स में सात मेडल जीते हैं, जिसमें 2023 के संस्करण में सिंगल्स और पेयर्स में एक गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल शामिल है। हालांकि, मौजूदा एशियाई चैंपियन सोनोवाल ने बेस्टर के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करते हुए कड़े मुकाबले में जीत हासिल की।

--आईएएनएस

एसएम/एएस

Share this story

Tags