सीयूईटी-यूजी परिणाम घोषित, भाजपा विधायक कैलाश गहलोत की बेटी बनीं ऑल इंडिया टॉपर
नई दिल्ली, 23 जून (आईएएनएस)। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने मंगलवार को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर 'कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) अंडरग्रेजुएट (यूजी) 2026' के नतीजे घोषित कर दिए। एनटीए ने इस वर्ष सीयूईटी-यूजी का रिजल्ट पिछले वर्ष की तुलना में 12 दिन पहले और परीक्षा संपन्न होने के मात्र 16 दिनों के अंदर जारी कर दिए हैं। पिछले वर्ष सीयूईटी यूजी परिणाम 4 जुलाई को जारी किए गए थे।
इस वर्ष सीयूईटी यूजी की परीक्षा में शामिल होने के लिए 15.68 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरा की थी, जिनमें से 11.64 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने एग्जाम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इन्हीं उम्मीदवारों के परिणाम एनटीए के अब घोषित कर दिए हैं।
सीयूईटी यूजी के परिणाम के अनुसार, इस वर्ष सिर्फ एक उम्मीदवार ने चार विषयों में 100 परसेंटाइल हासिल किया है। तीन विषयों में 100 परसेंटाइल हासिल करने वाले उम्मीदवारों की संख्या 22 है। दो विषयों में 180 और एक विषय में 3,214 अभ्यर्थियों ने 100 परसेंटाइल प्राप्त किए हैं।
एनटीए की ओर से जारी नतीजों के मुताबिक, इस वर्ष सीयूईटी यूजी की परीक्षा में भाजपा विधायक कैलाश गहलोत की बेटी देविना गहलोत ऑल इंडिया टॉपर बनीं हैं। उन्होंने देशभर में पहला स्थान हासिल करके कीर्तिमान रचा है। देविना की परसेंटाइल स्कोर की बात करें तो उन्होंने अंग्रेजी में 99.99, अर्थशास्त्र/व्यावसायिक अर्थशास्त्र में 100, ललित कला/दृश्य कला/व्यावसायिक कला में 99.91, राजनीति विज्ञान में 100 और मनोविज्ञान में 100 परसेंटाइल हासिल किए हैं।
पांचों विषयों के अंकों की बात करें तो देविना ने अंग्रेजी में 241.95, अर्थशास्त्र/व्यावसायिक अर्थशास्त्र में 249.53, ललित कला/दृश्य कला/व्यावसायिक कला में 241.11, राजनीति विज्ञान में 249.58 और मनोविज्ञान में 250 अंक प्राप्त किए हैं। सभी विषयों में इन्होंने कुल मिलाकर 1,250 में से 1,232.18 अंक हासिल किए हैं।
बता दें कि एनटीए द्वारा इस वर्ष सीयूईटी यूजी का आयोजन देश और विदेश में कुल 321 परीक्षा केंद्रों पर 11 से 31 मई और 6 से 7 जून को किया गया था। यह 13 भाषाओं में कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी) मोड में आयोजित की गई थी।
इस वर्ष सीयूईटी-यूजी में कुल 244 यूनिवर्सिटीज ने हिस्सा लिया, जबकि पिछले वर्ष 241 विश्वविद्यालय शामिल हुए थे। वहीं, उम्मीदवारों को ज्यादा विकल्प देने के लिए, एनटीए ने परीक्षा के लिए कुल 37 विषय उपलब्ध कराए, जिसमें से हर उम्मीदवार ज्यादा से ज्यादा पांच विषयों का चयन कर सकते थे।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम

