Crime : गर्भगृह में सुरक्षाकर्मी ने पुजारी पर बरसाए थप्पड़, CCTV में कैद हुई घटना

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में स्थित प्रसिद्ध माता श्री चिंतपूर्णी के मंदिर में सोमवार को शर्मनाक घटना घटी। माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार के गर्भगृह में सुरक्षाकर्मी और पुजारी आपस में भीड़ गए। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों और पुजारी के बीच जमकर हाथापाई हुई। यह शर्मनाक घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बताया जा रहा है कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय सैकड़ों श्रद्धालु माता के दरबार में माथा टेक रहे थे। सबकुछ श्रद्धालुओं के सामने हुआ। जानकारी के अनुसार श्रद्धालुओं के सामने ही सुरक्षाकर्मियों और पुजारी के बीच हाथापाई हो गई। दोनों के बीच हुई हाथापाई को देखकर वहां मौजूद हर कोई हैरान रह गया। कुछ लोग तो डर भी गए। हालांकि मौके पर मौजूद अन्य पुजारियों ने मामला शांत कराया और सुरक्षाकर्मियों को रोका।
बताया जा रहा है कि आरोपी सुरक्षाकर्मी को हटा दिया गया है। पुजारी ने आरोप लगाया कि प्रसाद चढ़ाने के दौरान सुरक्षाकर्मी ने उसके साथ हाथापाई की। इतना ही नहीं पुजारी का आरोप है कि सुरक्षाकर्मी ने उसे थप्पड़ मारे और धक्का भी दिया। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ देखा जा सकता है कि पुजारी भक्तों को माता का चढ़ाया प्रसाद दे रहा था, तभी एक सुरक्षाकर्मी आता है और पुजारी और उसके बीच कुछ बात होती है। फिर छोटी-मोटी कहासुनी शुरू हो जाती है।
इस बीच सीसीटीवी वीडियो में पुजारी को सुरक्षाकर्मी पर पानी छिड़कते हुए भी देखा जा सकता है। इसके बाद दोनों में मारपीट शुरू हो जाती है। सुरक्षाकर्मी पुजारी को थप्पड़ मारने लगता है। मारपीट होने पर वहां मौजूद अन्य पुजारियों ने दोनों को अलग किया। इसके बाद मामला शांत हुआ।बता दें कि ऊना में माता श्री चिंतपूर्णी के मंदिर में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। यह मंदिर माता छिन्नमस्ता को समर्पित है। माता छिन्नमस्ता मां दुर्गा का ही एक रूप हैं। कहा जाता है कि यहां देवी सती का शरीर गिरा था, इसलिए इस मंदिर को 51 शक्तिपीठों में से एक माना जाता है।