Samachar Nama
×

सैन्य अधिकारी सोफिया कुरैशी का अपमान करने वाले मंत्री को राजनीतिक संरक्षण : जीतू पटवारी

सैन्य अधिकारी सोफिया कुरैशी का अपमान करने वाले मंत्री को राजनीतिक संरक्षण : जीतू पटवारी
सैन्य अधिकारी सोफिया कुरैशी का अपमान करने वाले मंत्री को राजनीतिक संरक्षण : जीतू पटवारी

भोपाल 26 अगस्त (आईएएनएस ) कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सैन्य अधिकारी सोफिया कुरैशी का अपमान करने वाले मंत्री विजय शाह को राजनीतिक संरक्षण होने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखा है । कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पटवारी द्वारा राष्ट्रपति को लिखे गए पत्र में कहा गया है कि मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह ने देश की जांबाज बेटी और भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी कर जिस मर्यादा को तार-तार किया, वह एक व्यक्ति ही नहीं, देश की सेना का भी अपमान था।

उन्होंने कहा कि सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा है कि राज्य सरकार ने मंत्री के खिलाफ अभियोजन चलाने की स्वीकृति नहीं दी है।इसी का जिक्र करते हुए पटवारी ने कहा है मध्य प्रदेश सरकार द्वारा विजय शाह के विरुद्ध अभियोजन की स्वीकृति नहीं देने का निर्णय एक बड़बोले मंत्री को राजनीतिक संरक्षण देने के साथ, उस व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न है, जिसमें सत्ता अपने राजनीतिक व्यक्ति को जवाबदेही से बचाने के लिए न्यायिक प्रक्रिया के सामने दीवार बनकर खड़ी हो रही है।

पटवारी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित एसआईटी ने अभियोजन की स्वीकृति की मांग की है। ऐसे में सरकार का रुख देश के सामने एक गंभीर संवैधानिक प्रश्न खड़ा करता है, क्या सत्ता में बैठे व्यक्ति कानून से ऊपर हैं? कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पटवारी द्वारा राष्ट्रपति को लिखे गए पत्र में कहा गया है कि मध्य प्रदेश के राजनीतिक इतिहास का यह एक अत्यंत शर्मनाक अध्याय है, जहां सवाल अब केवल विजय शाह के आचरण का नहीं, मुख्यमंत्री और पूरे मंत्रिमंडल की संवैधानिक एवं नैतिक जवाबदेही का है। इसलिए, मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री सहित अब पूरे मंत्रिमंडल को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए।

राष्ट्रपति को लिखे पत्र में जीतू पटवारी ने कहा है कि आप सेना एवं संविधान की सर्वोच्च संरक्षक हैं। देश की जनता अब आपसे अपेक्षा करती है कि संविधान की मर्यादा, न्यायिक प्रक्रिया की स्वतंत्रता और भारतीय सेना के सम्मान की रक्षा के लिए अपने संवैधानिक दायित्व का निर्वहन करें।

--आईएएनएस

एसएनपी/पीएम

Share this story