बहराइच में मंगलसूत्र लूटने वाले बदमाशों से मुठभेड़, गोली लगने के बाद पुलिस ने एक को दबोचा
बहराइच, 3 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया, जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पिछले कुछ दिनों से नानपारा और मटेरा क्षेत्र में लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाश सक्रिय थे। घटना को अंजाम देने के बाद वे पुलिस को चकमा देकर फरार हो जा रहे थे। 1 सितंबर को गुलालपुरवा टोल प्लाजा के पास इन्ही बदमाशों ने महिला गंगोत्री से मंगलसूत्र लूट लिया था।
इस मामले में बहराइच के एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया, "गुरुवार रात करीब 11 बजे मटेरा से नानपारा जाने वाली मुख्य सड़क पर एक महिला का मंगलसूत्र छीन लिया गया। महिला ने बताया कि यह घटना मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने अंजाम दी थी। तुरंत तीन टीमें भेजी गईं। कई सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। एक सीसीटीवी फुटेज में एक बदमाश की तस्वीर कैद हुई। उसकी पहचान कर उसकी तस्वीर जारी की। इसके आधार पर पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी।"
एसपी ने बताया कि देर रात एक स्थानीय मुखबिर ने मटेरा इंस्पेक्टर को सूचना दी कि उसी हुलिए वाले दो बदमाश मोटरसाइकिल पर देखे गए हैं। मुखबिर की सूचना पर बदमाशों की तलाश में जुटी क्राइम ब्रांच और थाना मटेरा की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान मटेरा-शंकरपुर नानपारा मार्ग पर बिलवा नहर मोड़ के पास शातिर बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देख बदमाशों ने जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आत्मरक्षार्थ पुलिस की गोली लगने से फुल्ली उर्फ तूफान उर्फ रकीब घायल होकर गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने दबोच लिया। उसका साथी असलम अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार घायल बदमाश पर आधा दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वह क्षेत्र में लूट की कई वारदातों में वांछित था।
पुलिस ने अभियुक्त के पास से लूटा गया मंगलसूत्र, चोरी की बाइक और 315 बोर का तमंचा बरामद किया है। घायल बदमाश को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। फरार बदमाश असलम की धरपकड़ के लिए पुलिस द्वारा इलाके में तलाश जारी है।
--आईएएनएस
पीआईएम/वीसी

