अक्षय कुमार ने शेयर की फिल्म 'हैवान' की क्लिप, असरानी को याद कर बोले-आप जैसा कोई नहीं
मुंबई, 4 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय फिल्म अभिनेता असरानी का निधन पिछले साल अक्टूबर में हो गया था। वह आगामी क्राइम थ्रिलर फिल्म 'हैवान' में नजर आएंगे। शुक्रवार को अभिनेता अक्षय कुमार ने असरानी के साथ स्क्रीन शेयर करने पर उनका आभार जताया। अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम पर फिल्म हैवान का एक छोटा-सा क्लिप शेयर किया, जिसमें असरानी अभिनय करते नजर आ रहे हैं।
अक्षय कुमार ने इस पोस्ट के जरिए असरानी के आखिरी शॉट साथ में करने पर आभार जताया। उन्होंने लिखा, "मेरा सौभाग्य है कि मुझे इस महान कलाकार के साथ काम करने का मौका मिला और 'हैवान' में उनका आखिरी शॉट देखा। मिस यू असरानी जी आपके जैसा कोई नहीं हो सकता।"
अभिनेता असरानी आगामी फिल्म 'हैवान' में एक बहुत बूढ़े सुरक्षा गार्ड (वॉचमैन) की एक बेहद मजेदार और दिलचस्प भूमिका में नजर आएंगे। 'हैवान' उनके निधन के बाद आने वाली आखिरी फिल्मों में से एक है।
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म 'हैवान' 2016 की मलयालम सुपरहिट फिल्म 'ओप्पम' का आधिकारिक हिंदी रीमेक है, जिसे लेकर फैंस में काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है, क्योंकि फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी एक बार फिर साथ नजर आएगी। दोनों लगभग 18 साल बाद स्क्रीन पर साथ नजर आएंगे। इससे पहले दोनों अभिनेता फिल्म 'टशन' में नजर आए थे।
'हैवान' एक दमदार थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। फिल्म का निर्माण कार्य केवीएन प्रोडक्शंस और द स्पियन फिल्म्स साथ मिलकर कर रहे हैं। वहीं, वेंकेट के. नारायण और शैलजा देसाई इसे मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं।
फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के अलावा फिल्म में श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म 'हैवान' 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म में अक्षय कुमार एक खतरनाक साइकोपैथ/विलेन के रूप में और सैफ अली खान एक दिव्यांग/अंधे पिता की भूमिका में नजर आएंगे। यह कहानी एक ऐसे व्यक्ति (अक्षय कुमार) की है जो खून-खराबे और बदले की आग में पूरी तरह डूबा हुआ है और यही सनक उसे एक खतरनाक 'हैवान' बना देती है।
--आईएएनएस
एनएस/वीसी

