Samachar Nama
×

Constitution Day: धर्म का प्रचार करना मौलिक अधिकार, लेकिन किसी का धर्म बदलने के लिए मजबूर नहीं कर सकते

 

 Constitution Day: धर्म का प्रचार करना मौलिक अधिकार, लेकिन किसी का धर्म बदलने के लिए मजबूर नहीं कर सकते

भारत का संविधान हर नागरिक को अपनी पसंद का धर्म चुनने, उसका पालन करने और उसकी शिक्षाओं का प्रचार करने की आजादी देता है। हालांकि, इस स्वतंत्रता की भी एक सीमा है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने महत्वपूर्ण फैसलों में स्पष्ट किया है कि किसी व्यक्ति को अपने धर्म के बारे में बताने का अधिकार तो है, लेकिन दूसरे व्यक्ति का धर्म परिवर्तन कराना उसका मौलिक अधिकार नहीं है।

26 नवंबर को देश में संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। यह 26 जनवरी 1950 से लागू हुआ। संविधान दिवस के मौके पर धर्म की स्वतंत्रता से जुड़े अनुच्छेद 25 और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को समझना महत्वपूर्ण है।

अनुच्छेद 25 में क्या दिए गए हैं अधिकार?

संविधान का अनुच्छेद 25 हर व्यक्ति को अंतःकरण की स्वतंत्रता और अपने धर्म को मानने, उसका पालन करने तथा प्रचार करने का अधिकार देता है। इसका मतलब है कि कोई भी व्यक्ति अपनी आस्था और विश्वास का चुनाव खुद कर सकता है।

उदाहरण के तौर पर, कोई व्यक्ति अपने धर्म के अनुसार पूजा-पाठ कर सकता है, धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा ले सकता है और दूसरों को अपनी धार्मिक मान्यताओं के बारे में बता सकता है।

हालांकि, ये अधिकार पूरी तरह असीमित नहीं हैं। इनका इस्तेमाल सार्वजनिक व्यवस्था, नैतिकता, स्वास्थ्य और संविधान के अन्य प्रावधानों के अधीन किया जा सकता है।

अनुच्छेद 25(2) सरकार को धार्मिक गतिविधियों से जुड़ी आर्थिक, वित्तीय और राजनीतिक जैसी गैर-धार्मिक गतिविधियों को नियंत्रित करने तथा सामाजिक सुधार के लिए कानून बनाने की अनुमति भी देता है।

सुप्रीम कोर्ट ने धर्म परिवर्तन पर क्या कहा?

1977 में रेव. स्टेनिस्लॉस बनाम मध्य प्रदेश राज्य मामले में सुप्रीम कोर्ट ने धर्म के प्रचार और धर्म परिवर्तन के अधिकार के बीच अंतर स्पष्ट किया था। अदालत ने कहा कि प्रचार का अर्थ अपने धर्म के सिद्धांतों और विचारों को दूसरों तक पहुंचाना है। लेकिन इसमें किसी दूसरे व्यक्ति का धर्म बदलवाने का मौलिक अधिकार शामिल नहीं है।

इस फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश और तत्कालीन उड़ीसा के उन कानूनों को भी वैध माना था, जिनमें बल, धोखाधड़ी या प्रलोभन के जरिए धर्म परिवर्तन कराने पर रोक लगाई गई थी।

हादिया केस में आस्था की स्वतंत्रता पर फैसला

2018 के शफीन जहां बनाम अशोकन के.एम. मामले को हादिया केस के नाम से भी जाना जाता है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने व्यक्ति की आस्था और विश्वास चुनने की स्वतंत्रता को उसकी व्यक्तिगत स्वायत्तता का महत्वपूर्ण हिस्सा माना।

इसका अर्थ है कि किसी व्यक्ति को अपनी धार्मिक मान्यताओं के बारे में बोलने और उन्हें दूसरों तक पहुंचाने की आजादी है, लेकिन सामने वाले व्यक्ति को भी अपनी आस्था चुनने या उसे न बदलने का पूरा अधिकार है।

इस तरह अनुच्छेद 25 धार्मिक स्वतंत्रता के साथ-साथ व्यक्ति की पसंद और विवेक की आजादी की भी रक्षा करता है।

Share this story

Tags