Samachar Nama
×

दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत, भाजपा को लगातार दूसरी हार, वीडियो में जाने नरोत्तम मिश्रा के बूथ पर भी हारी पार्टी

दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत, भाजपा को लगातार दूसरी हार, वीडियो में जाने नरोत्तम मिश्रा के बूथ पर भी हारी पार्टी

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को लगातार दूसरी बार मात दे दी है। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 6056 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है, वहीं भाजपा ने हार के कारणों की समीक्षा करने की बात कही है। दतिया सीट को भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का गढ़ माना जाता रहा है। लेकिन इस बार भाजपा को यहां बड़ा झटका लगा। कांग्रेस प्रत्याशी ने न केवल सीट पर जीत हासिल की, बल्कि नरोत्तम मिश्रा के प्रभाव वाले बूथ पर भी भाजपा को पीछे छोड़ दिया।

नरोत्तम मिश्रा के बूथ पर भी भाजपा पिछड़ी

चुनाव परिणाम की सबसे बड़ी चर्चा पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ नंबर 121 को लेकर रही। इस बूथ पर भी भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को हार का सामना करना पड़ा।बूथ नंबर 121 पर कांग्रेस को 291 वोट, जबकि भाजपा को 264 वोट मिले। भाजपा के दिग्गज नेता के क्षेत्र में पार्टी का पिछड़ना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

आशुतोष तिवारी ने माना भीतरघात का असर

मतगणना केंद्र पर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने हार के बाद कहा कि पार्टी में कुछ लोगों ने भीतरघात किया है। उन्होंने कहा, "भीतरघाती भाजपा को मां कहते हैं, हम हार की समीक्षा करेंगे।"उन्होंने संकेत दिए कि चुनाव परिणाम को लेकर संगठन स्तर पर मंथन किया जाएगा और हार के कारणों का पता लगाया जाएगा।

घनश्याम सिंह बोले- भाजपा के अंत की शुरुआत

वहीं, जीत के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कहा कि भीतरघात से ज्यादा वोटों का अंतर प्रभावित नहीं हुआ है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह जीत जनता के विश्वास की जीत है और भाजपा के अंत की शुरुआत हो चुकी है।जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने एक-दूसरे को मेलोडी टॉफी खिलाकर जीत की बधाई दी।

शुरुआती राउंड में कांग्रेस ने बनाई मजबूत बढ़त

मतगणना के दौरान शुरुआत से ही कांग्रेस प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए थे। नौवें राउंड तक कांग्रेस की बढ़त 9519 वोटों तक पहुंच गई थी।इसके बाद 14वें राउंड में कांग्रेस को 6614 वोट मिले, जबकि भाजपा को 3100 वोट प्राप्त हुए। इस राउंड के बाद कांग्रेस की बढ़त 7459 वोट हो गई थी।हालांकि, अंतिम राउंड में भाजपा ने कुछ अंतर कम किया, लेकिन कांग्रेस की बढ़त बरकरार रही। अंतिम परिणाम में घनश्याम सिंह ने 6056 वोटों से जीत हासिल कर ली।

भाजपा के लिए बड़ा झटका

दतिया उपचुनाव का परिणाम भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। क्योंकि यह सीट लंबे समय से पार्टी के प्रभाव वाले क्षेत्रों में शामिल रही है। वहीं, कांग्रेस के लिए यह जीत आने वाले चुनावों से पहले मनोबल बढ़ाने वाली साबित हो सकती है।अब भाजपा संगठन हार के कारणों की समीक्षा करने की तैयारी में है, जबकि कांग्रेस इस जीत को जनता के समर्थन के रूप में पेश कर रही है।

Share this story

Tags