Samachar Nama
×

कांग्रेस पर गिरिराज सिंह का बड़ा हमला, बोले- 'राहुल गांधी खो चुके हैं अपना मानसिक संतुलन'

कांग्रेस पर गिरिराज सिंह का बड़ा हमला, बोले- 'राहुल गांधी खो चुके हैं अपना मानसिक संतुलन'
कांग्रेस पर गिरिराज सिंह का बड़ा हमला, बोले- 'राहुल गांधी खो चुके हैं अपना मानसिक संतुलन'

पटना, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) और एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ हालिया विरोध प्रदर्शनों को लेकर गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। उन्हें लगता है कि 1,000-2,000 एनएसयूआई कार्यकर्ता 150 करोड़ की आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पटना में समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, "राहुल गांधी अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। सत्ता की उनकी भूख इतनी बढ़ गई है कि उन्हें लगता है कि 1,000-2,000 एनएसयूआई कार्यकर्ता 150 करोड़ की आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्हें शायद यह एहसास नहीं है कि कांग्रेस 9 राज्यों में 30 साल से भी अधिक समय से सत्ता से बाहर है।"

उन्होंने कहा, "राहुल गांधी को इस बात की भी जानकारी नहीं है कि हाल ही में तीन विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर हुए उपचुनावों में पार्टी कोई असर नहीं छोड़ पाई। कांग्रेस कहीं दिखाई नहीं दी और उसके उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त हो गई।"

गिरिराज सिंह ने आगे कहा, "कांग्रेस को यह दिखाई नहीं दे रहा है कि त्रिपुरा में साढ़े चार हजार ग्राम सभाओं में सिर्फ 14 सीटें आईं। उसे इससे मतलब ही नहीं है। राहुल गांधी को लग रहा है कि वे आग लगा देंगे, तो बांग्लादेश और श्रीलंका की तरह तख्तापलट हो जाएगा। मगर ऐसा होने वाला नहीं है।"

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि जनता के बीच राहुल गांधी की विश्वनीयता गिर रही है। हाल ही में एक मुलाकात के बाद उनके ही कुछ नेताओं ने राहुल गांधी के नेतृत्व को ही अस्वीकार कर दिया।

गौरतलब है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार 'वोट चोरी' का मुद्दा उठा रहे हैं। पिछले एक सप्ताह में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किए हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगा है।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story