Samachar Nama
×

कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियां हिंदू समाज को करती हैं आहत : स्वामी परमात्मानंद सरस्वती

कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियां हिंदू समाज को करती हैं आहत : स्वामी परमात्मानंद सरस्वती
कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियां हिंदू समाज को करती हैं आहत : स्वामी परमात्मानंद सरस्वती

राजकोट, 22 नवंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ खुला पत्र लिखने वाले हिंदू धर्माचार्य सभा के संयोजक स्वामी परमात्मानंद सरस्वती ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के बयानों पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म और देवी-देवताओं को लेकर की जाने वाली टिप्पणियां उन्हें आहत करती हैं। इसी पीड़ा के कारण उन्होंने राहुल गांधी के नाम खुला पत्र लिखा है। स्वामी परमात्मानंद ने खड़गे की टिप्पणियों को भी अनावश्यक बताते हुए उनमें सुधार की जरूरत बताई।

स्वामी परमात्मानंद सरस्वती ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की बातें कई बार बेहद पीड़ादायक होती हैं। राहुल गांधी के कुछ बयान और उनके द्वारा किए गए चित्रण भी हिंदू समाज को आहत करते हैं। उन्होंने कहा कि आमतौर पर वह ऐसे राजनीतिक मामलों में नहीं पड़ते लेकिन इस बार की टिप्पणियों ने उन्हें तीन दिनों तक परेशान रखा। इसी पीड़ा के चलते उन्होंने खुला पत्र लिखा।

उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बचपन में झेली गई कठिनाइयों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि उनके साथ जो कुछ हुआ, वह नहीं होना चाहिए था। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि इन अनुभवों के आधार पर एक ऐसा पैटर्न दिखाई देता है, जिसमें कभी-कभी हिंदू धर्म और अन्य समुदायों के प्रति नकारात्मक बातें सामने आती हैं।

स्वामी परमात्मानंद ने कहा कि इसमें राजनीतिक एजेंडे की झलक भी दिखाई देती है। उन्होंने मुस्लिम समुदाय की एक सभा में खड़गे की ओर से हिंदुओं के खिलाफ की गई टिप्पणियों को अनावश्यक बताया। उनके मुताबिक, किसी भी समुदाय के सभी लोगों को एक ही नजरिये से देखना उचित नहीं है। खड़गे को अपनी भाषा और विचारों में सुधार करने की जरूरत है।

राहुल गांधी की ओर से हिंदू देवी-देवताओं के चित्रण की व्याख्या पर सवाल उठाते हुए स्वामी परमात्मानंद ने कहा कि हिंदू धर्म के शास्त्रों और देवी-देवताओं से जुड़े प्रसंगों को व्यापक और समग्र दृष्टिकोण से समझना चाहिए। किसी एक चित्रण को देखकर उसका मनमाना अर्थ निकालना उचित नहीं है।

उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती के साथ को प्रेम और डेटिंग का प्रतीक बताने जैसी व्याख्याओं पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में अर्धनारीश्वर का स्वरूप भी मौजूद है लेकिन इसका अर्थ यह नहीं निकाला जा सकता कि सभी पुरुष और महिलाओं को उसी स्वरूप में रहने की सलाह दी जाए। इसके पीछे गहरा शास्त्रीय और आध्यात्मिक दर्शन है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक प्रतीकों और परंपराओं को समझने के लिए उनके वास्तविक आध्यात्मिक अर्थ को जानना जरूरी है। केवल सतही व्याख्या के आधार पर हिंदू धर्म और उसकी मान्यताओं पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story