Samachar Nama
×

महिला आरक्षण पर कांग्रेस ने जो काम 30 वर्षों में नहीं किया, वह काम पीएम मोदी ने तीन दिन में किया : संजय सरावगी

पटना, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्र सरकार संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण बिल को लाने की तैयारी कर रही है, जिस पर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। इसी बीच बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के लिए कानून बनाने की प्रक्रिया में बराबर भागीदारी दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को समान प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए लेकिन पिछले 30 वर्षों में कांग्रेस सरकारों ने इस मुद्दे को टालते हुए महिला आरक्षण बिल को पास नहीं किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि जो काम विपक्षी दल 30 साल में नहीं कर सके, उसे प्रधानमंत्री मोदी ने महज तीन दिनों में कर दिखाया। उन्होंने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के लोकसभा और राज्यसभा में पारित होने को महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया। साथ ही, सरावगी ने यह भी कहा कि बिहार में भाजपा की सरकार बनने के बाद नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को आरक्षण दिया गया।

वहीं, संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का समर्थन करते हुए पश्चिम बंगाल की स्थिति पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सही बात कही है क्योंकि ममता बनर्जी की सरकार में कथित तौर पर बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं को समर्थन मिला है।

उनके मुताबिक, इसके चलते राज्य की आबादी में तेजी से बढ़ोतरी हुई है और प्रदेश सरकार के समर्थन से पश्चिम बंगाल की जनसंख्या संरचना (डेमोग्राफी) में बदलाव आया है। उन्होंने दावा किया कि हाल के समय में कई जिलों की स्थिति इस बात को साफ तौर पर दिखाती है।

उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को पश्चिम बंगाल में जल्द से जल्द लागू किया जाना चाहिए। बता दें कि पीएम मोदी ने स्पष्ट रूप से कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही घुसपैठियों को चिह्नित कर बाहर निकाला जाएगा। उन्होंने घुसपैठियों को अपना "बोरिया-बिस्तर बांध लेने" की चेतावनी दी।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

Share this story

Tags