होटल की लिफ्ट में फंसे कांग्रेस सांसद शशि थरूर, फुटेज में देंखे रेस्क्यू टीम ने हाइड्रोलिक स्प्रेडर से सुरक्षित निकाला
केरल के तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर शुक्रवार शाम एक होटल की लिफ्ट में फंस गए। घटना उस समय हुई जब वह रोटरी क्लब ऑफ त्रिवेंद्रम ईस्ट के इंस्टॉलेशन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए होटल पहुंचे थे। लिफ्ट में फंसने की सूचना मिलते ही फायर एंड रेस्क्यू सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान हाइड्रोलिक स्प्रेडर की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोला गया। बाहर आने के बाद शशि थरूर ने बचाव दल के कर्मचारियों का धन्यवाद किया और उनके काम की सराहना की।
शाम 7:37 बजे मिली थी लिफ्ट में फंसने की सूचना
फायर स्टेशन अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 7:37 बजे सूचना मिली कि होटल की लिफ्ट में शशि थरूर फंस गए हैं। सूचना मिलते ही फायर और रेस्क्यू टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।शुरुआत में होटल स्टाफ और लिफ्ट मैकेनिकों ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी कारणों से लिफ्ट का दरवाजा नहीं खुल पाया। इसके बाद फायर एंड रेस्क्यू टीम ने मोर्चा संभाला और विशेष उपकरणों की मदद से लिफ्ट को खोला गया।
हाइड्रोलिक स्प्रेडर से खोला गया दरवाजा
रेस्क्यू टीम ने लिफ्ट का दरवाजा खोलने के लिए हाइड्रोलिक स्प्रेडर का इस्तेमाल किया। काफी प्रयासों के बाद शाम करीब 8 बजे शशि थरूर और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।अधिकारियों के मुताबिक, लिफ्ट अपने निर्धारित फ्लोर तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाई थी। इसी तकनीकी समस्या के कारण उसका दरवाजा नहीं खुल सका और लोग अंदर फंस गए।
बाहर निकलने के बाद मुस्कुराते नजर आए थरूर
लिफ्ट से बाहर आने के बाद शशि थरूर बिल्कुल सामान्य नजर आए। उन्हें देखकर ऐसा नहीं लगा कि घटना के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी हुई हो। वह मुस्कुराते हुए बाहर निकले और रेस्क्यू टीम के कर्मचारियों का आभार जताया।उन्होंने फायर एंड रेस्क्यू कर्मियों से कहा, "आप सभी का धन्यवाद। आपने बहुत अच्छा काम किया।"
रेस्क्यू टीम की तत्परता की हुई सराहना
घटना के बाद फायर एंड रेस्क्यू विभाग की तत्परता की सराहना की जा रही है। टीम ने कम समय में मौके पर पहुंचकर सुरक्षित तरीके से सांसद और अन्य लोगों को बाहर निकाला।हालांकि, इस घटना के बाद होटल की लिफ्ट की तकनीकी जांच की जा सकती है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने। फिलहाल शशि थरूर पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्होंने अपने निर्धारित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

