कांग्रेस के डीएनए में परिवारवाद, इसलिए जनता नकार दियाः नवनाथ बन
मुंबई, 6 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने विधान परिषद चुनावों में 150 करोड़ खर्च करने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही बन ने कांग्रेस पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया।
भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन ने आईएएनएस से कहा, "संजय राउत बार-बार झूठे बयान देते हैं। उन्होंने दावा किया है कि महाराष्ट्र विधान परिषद चुनावों में लगभग 150 करोड़ रुपये खर्च किए गए। मैं संजय राउत से पूछना चाहता हूं कि जब वे नासिक गए थे, तो उन्होंने वहां अपना नामांकन भी दाखिल नहीं किया था, तो उस 150 करोड़ रुपये से उन्होंने कितने लोगों को घर पहुंचाया? उन्होंने खुद कितना भ्रष्टाचार किया है? उन्हें खुद इसका जवाब देना चाहिए। वे जानबूझकर बार-बार झूठे आरोप लगाने की कोशिश करते हैं। लोगों को जीतने के लिए पैसे की नहीं, प्यार की जरूरत है। संजय राउत और उनकी पार्टी जनता से मिलती तक नहीं है। जब उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे, तब मातोश्री का दरवाजा जनता के साथ विधायक, सांसद और मंत्रियों के लिए भी बंद था। पैसों वाली राजनीति कभी सफल नहीं होती है, यह महाराष्ट्र की जनता ने विधानसभा चुनाव में साबित कर दिया है।"
भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बान ने बतौर प्रधानमंत्री सबसे लंबे कार्यकाल के रूप में पीएम मोदी द्वारा जवाहरलाल नेहरू को पीछे छोड़ने पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा, "140 करोड़ की जनता की आशीर्वाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे लंबा कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में धारा 370 हटाई गई और राम मंदिर का निर्माण हुआ। मुझे खुशी है कि जवाहरलाल नेहरू के सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तोड़ रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि 2029 में नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री चुने जाएंगे और देश की सेवा करेंगे।"
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर परिवारवाद की राजनीति के आरोप लगने को लेकर भाजपा प्रवक्ता ने कहा, "कांग्रेस में ये नया नहीं है। इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वंशवाद की राजनीति को आगे बढ़ा रहे हैं। ऐसे में मल्लिकार्जुन खड़गे भी उसी राह पर चलेंगे। अपने परिवार में ही सत्ता रखना कांग्रेस के डीएनए में है। कांग्रेस की जब से स्थापना हुई है तब से एक ही परिवार के लोग राज कर रहे हैं, इसलिए जनता ने नकार दिया है।"
--आईएएनएस
ओपी/एएस

