कांग्रेस का मतलब है अस्थिरता, कर्नाटक में सीएम बदलने से समस्या नहीं होगी खत्म: शहजाद पूनावाला
नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी अस्थिरता की पर्याय है। कर्नाटक में सत्ता संघर्ष पर उन्होंने इसे ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ की सीरीज बताया और कहा कि मुख्यमंत्री बदलने से समस्या खत्म नहीं होने वाली है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “ढाई-तीन साल बाद कर्नाटक में जो कुछ अस्थायी तौर पर चल रहा था, ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ या सत्ता के लिए संघर्ष से उसमें बस एक अस्थायी विराम आया है, लेकिन कहानी अभी खत्म नहीं हुई है। उन्होंने हिमाचल में भी ऐसा ही किया, पंजाब और राजस्थान में भी और केरल में भी यही हो रहा है। कुल मिलाकर कांग्रेस का मतलब है अस्थिरता।
उन्होंने सवाल किया, कर्नाटक में मुख्यमंत्री का चेहरा बदल गया है लेकिन क्या चरित्र भी बदलेगा? कर्नाटक की जनता तो अब भी परेशान है।
शहजाद पूनावाला ने कहा कि कर्नाटक का हाल बेहाल है तीन साल बाद कर्नाटक में चल रहा है कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा। कांग्रेस में जल्द ही फिर अस्थिरता फैलेगी, कांग्रेस के नेता उच्च कमान से परेशान नजर आ रहे हैं, इसीलिए पार्टी में ये सब देखने को मिल रहा है।
शहजाद पूनावाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और कार्यशैली की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व, करिश्मे और प्रदर्शन के कारण भाजपा हर जगह जनता का विश्वास जीत रही है। “चाहे पश्चिम बंगाल के चुनाव हों, पुडुचेरी के चुनाव हों या असम में तीसरी बार हमारी सरकार बनी हो, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मैजिक और परफॉर्मेंस के चलते भाजपा को हर जगह जनता का भरोसा मिल रहा है।”
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को लेकर इतिहासकार रामचंद्र गुहा की हालिया टिप्पणियों पर पूनावाला ने कहा कि राहुल गांधी को जनता ने नकार दिया है। वे 99 चुनाव हार चुके हैं। फिर गठबंधन के साथियों ने राहुल गांधी को नकार दिया। चाहे वह समाजवादी पार्टी हो, तृणमूल कांग्रेस हो, डीएमके हो या उद्धव सेना। इसके बाद तो कांग्रेस पार्टी के भीतर के नेताओं ने भी चाहे वे इमरान मसूद हों या कोई और, यह कहा कि राहुल को हटाकर प्रियंका गांधी को आगे लाया जाना चाहिए। जनता के बाद जनपथ के दरबारियों ने भी यह मुद्दा उठाया है कि राहुल आपके साथ नहीं रह पाएंगे।
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा न केवल चुनाव जीत रही है, बल्कि स्थिर और विकासोन्मुखी सरकारें भी दे रही है, जबकि कांग्रेस जहां भी सत्ता में आती है, अस्थिरता और अंदरूनी कलह लेकर आती है। विशेषज्ञों का मानना है कि पूनावाला के ये बयान हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों, खासकर कर्नाटक में कांग्रेस के आंतरिक संकट और हालिया मुख्यमंत्री बदलाव के संदर्भ में दिए गए हैं।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी

