Samachar Nama
×

कांग्रेस इस समय लीडरशिप क्राइसिस में है: गुलाम अली खटाना

नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। भाजपा के राज्यसभा सदस्य गुलाम अली खटाना ने कर्नाटक कांग्रेस में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम, केरल में 'वंदे मातरम्' विवाद और राहुल गांधी की ऑटो चालकों से मुलाकात पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
कांग्रेस इस समय लीडरशिप क्राइसिस में है: गुलाम अली खटाना

नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। भाजपा के राज्यसभा सदस्य गुलाम अली खटाना ने कर्नाटक कांग्रेस में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम, केरल में 'वंदे मातरम्' विवाद और राहुल गांधी की ऑटो चालकों से मुलाकात पर तीखी प्रतिक्रिया दी।

कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर चल रही खींचतान पर गुलाम अली खटाना ने आईएएनएस से कहा कि कांग्रेस इस समय गंभीर नेतृत्व संकट से गुजर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में नेतृत्व का अहंकार और परिवारवाद हावी है, जिसके कारण पुराने और अनुभवी नेता लगातार कांग्रेस छोड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा, "कांग्रेस इस समय लीडरशिप क्राइसिस में है। पार्टी के कई ऐसे नेता, जिन्होंने 50-50 साल तक कांग्रेस के लिए काम किया, आज पार्टी छोड़कर जा चुके हैं। कांग्रेस में लीडरशिप एरोगेंस और फैमिली इंटरफेरेंस भरा पड़ा है।"

कर्नाटक में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर उन्होंने कहा कि वहां जो कुछ हो रहा है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। गुलाम अली खटाना ने कहा कि जनता ने विकास के लिए जनादेश दिया था, लेकिन कांग्रेस उस जनादेश के साथ खेल रही है।

वहीं, केरल विधानसभा में 'वंदे मातरम्' को लेकर उठे विवाद पर उन्होंने कहा कि देश के राष्ट्रगान और राष्ट्र गीत का पूरा सम्मान होना चाहिए और उसे पूरी तरह पढ़ा और गाया जाना चाहिए।

दरअसल, केरल की नई विधानसभा के पहले सत्र में विवाद तब खड़ा हो गया, जब कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ सरकार ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के संबोधन से पहले 'वंदे मातरम्' का पूरा संस्करण न बजाकर केवल दो अंतरे ही प्रस्तुत किए। इस पर राज्यपाल ने कड़ी आपत्ति जताई थी।

इसके अलावा, कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की दिल्ली में ऑटो चालकों से मुलाकात पर भी गुलाम अली खटाना ने निशाना साधा। उन्होंने कहा, "जब जनता नकार देती है तो फ्रस्ट्रेशन बढ़ जाता है। मेहनत करना अच्छी बात है, लेकिन विपक्ष को जिम्मेदार भूमिका निभानी चाहिए।"

उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि कई बार ऐसा देखा गया है कि वे देश के दुश्मनों के साथ खड़े नजर आते हैं।

बता दें कि राहुल गांधी ने शुक्रवार को दिल्ली के बंगाली मार्केट स्थित टोडरमल पार्क में ऑटो चालकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

--आईएएनएस

वीकेयू/डीकेपी

Share this story

Tags