Samachar Nama
×

हैदराबाद में बिरयानी प्रोटेस्ट के दौरान कांग्रेस-BRS कार्यकर्ता भिड़े: राहुल गांधी का पुतला लगाया था, वीडियो में KTR बोले- राज्यसभा सांसद ने हमले की अगुआई की

हैदराबाद में बिरयानी प्रोटेस्ट के दौरान कांग्रेस-BRS कार्यकर्ता भिड़े: राहुल गांधी का पुतला लगाया था, वीडियो में KTR बोले- राज्यसभा सांसद ने हमले की अगुआई की

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में गुरुवार को कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई। BRS ने कांग्रेस सरकार के दो लाख सरकारी नौकरियां देने के चुनावी वादे के खिलाफ एक रेस्टोरेंट में 'बिरयानी प्रोटेस्ट' आयोजित किया था। इसी कार्यक्रम के दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (KTR) ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके नेताओं और युवा कार्यकर्ताओं पर हमला किया। उन्होंने हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दो लाख नौकरियों के वादे पर किया बिरयानी प्रोटेस्ट

BRS की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य कांग्रेस सरकार को उसके चुनावी वादे की याद दिलाना था। पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान युवाओं को दो लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन इस दिशा में सरकार का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा।BRS कार्यकर्ताओं ने रेस्टोरेंट में बिरयानी प्रोटेस्ट आयोजित कर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। कार्यक्रम में राहुल गांधी की हैदराबाद यात्रा के तीन साल पूरे होने का हवाला देते हुए उनका पुतला भी लगाया गया था। इसी दौरान कांग्रेस और BRS कार्यकर्ताओं के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई।

KTR बोले- शांतिपूर्ण कार्यक्रम पर किया हमला

BRS के कार्यकारी अध्यक्ष KTR ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी का कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता वहां पहुंचे और पार्टी के नेताओं तथा युवा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की।

KTR ने मन्ने कृष्णांक, मुथा जैसिम्हा और जगन पटिमीडी समेत अन्य नेताओं पर हुए हमले की निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि एक राज्यसभा सांसद ने हमले की अगुआई की और अपने समर्थकों को BRS नेताओं के खिलाफ जुटाया।KTR ने कहा कि विपक्षी दल होने के नाते सरकार से उके चुनावी वादों पर सवाल पूछना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सवालों का जवाब देने के बजाय विरोध करने वालों के खिलाफ हिंसा का सहारा ले रही है।

संविधान दिवस पर लोकतांत्रिक अधिकारों का मुद्दा उठाया

KTR ने संविधान दिवस के मौके पर हुई इस घटना को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि लोकतंत्र में विपक्ष को सरकार की नीतियों और चुनावी वादों पर सवाल उठाने का अधिकार है। ऐसे कार्यक्रमों को हिंसा के जरिए रोकने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।BRS ने घटना में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल दोनों दलों के बीच इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। हालांकि, मारपीट की घटना को लेकर पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई और दूसरे पक्ष का विस्तृत पक्ष सामने आना बाकी है।

Share this story

Tags