पश्चिम बंगाल में कांग्रेस शून्य पर आउट हो जाएगी : मनन मिश्रा
पटना, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा सांसद मनन मिश्रा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि ये लोग केवल स्वार्थ के लिए गठबंधन करते हैं, लेकिन राज्य के चुनाव में एक-दूसरे के खिलाफ हो जाते हैं। मैं यकीन के साथ कह सकता हूं कि बंगाल में कांग्रेस को शून्य मिलेगा।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद ने राहुल गांधी के बयान पर कहा कि यह महागठबंधन नहीं, यह सिर्फ ठगबंधन है, मुझे नहीं लगता है कि केजरीवाल और कांग्रेस में कोई तालमेल रहा। यह लोग अपनी स्वार्थ की राजनीति करते है, कांग्रेस बंगाल में शून्य है।
बंगाल चुनाव को लेकर भाजपा सांसद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल में बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही है और दो-तिहाई बहुमत की ओर बढ़ रही है। मतदान के पहले चरण में भारी संख्या में लोग वोट डालने आए, जो ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार के खिलाफ लोगों के मूड को दिखाता है। 90 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ है। दूसरे चरण में भारी मतदान होने की उम्मीद है। मैं हाल ही में पश्चिम बंगाल से लौटा हूं, जहां मैंने वकीलों समेत बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों से मुलाकात की। हमारी बैठकों में भारी भीड़ उमड़ी, और यह साफ है कि लोग बदलाव चाहते हैं। भाजपा पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने के लिए तैयार है।
जदयू नेता निशांत कुमार की बिहार यात्रा को लेकर भाजपा सांसद ने कहा कि यह एक अच्छी बात है। अगर निशांत कुमार अपने पिता के नक्शे-कदम पर चलना चाहते हैं और जनता से जुड़ना चाहते हैं, तो इसका स्वागत है। अगर उन्होंने अपनी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए राजनीति में कदम रखा है और जदयू में शामिल हुए हैं, तो यह बिहार के लिए एक सकारात्मक कदम है।
तेजस्वी यादव और अरविंद केजरीवाल के बंगाल में चुनाव प्रचार करने पर भाजपा सांसद ने कहा कि तेजस्वी यादव और अरविंद केजरीवाल को पश्चिम बंगाल में कौन पूछता है। तेजस्वी यादव की जब बिहार में ही कोई हैसियत नहीं है, तो बंगाल में उनकी क्या अहमियत हो सकती है। पश्चिम बंगाल के लोगों पर तेजस्वी यादव या अरविंद केजरीवाल का कोई असर नहीं है। राज्य के लोगों ने विकास और बदलाव का मन बना लिया है। बंगाली लोगों ने मन बना लिया है कि घुसपैठियों, रोहिंग्या को हटाना है। पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार बनाकर विकास को पाना है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम

