कांग्रेस और विपक्षी पार्टियां चुनाव हार रही हैं, इसलिए एसआईआर को जिम्मेदार ठहराने की कोशिशः रामचंद्र राव
हैदराबाद, 27 मई (आईएएनएस)। तेलंगाना भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र राव ने कहा कि एसआईआर चुनाव आयोग की एक नियमित प्रक्रिया है जो समय-समय पर आयोजित की जाती है। उन्होंने इसे लेकर कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने आईएएनएस से कहा, "एसआईआर एक नियमित रूप से संचालित होने वाली चुनावी प्रक्रिया है। यह किसी सरकार या भाजपा द्वारा शुरू की गई नीति नहीं है, बल्कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर आयोजित की जाने वाली एक प्रक्रिया है। संभवतः यह देश में 10वीं या 11वीं बार है, जब एसआईआर का संचालन किया जा रहा है। कांग्रेस और इंडी गठबंधन की पार्टियां चुनाव हार रही हैं, इसलिए वे अब अपनी हार के लिए एसआईआर प्रक्रिया को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश कर रही हैं।"
रामचंद्र राव ने आगे कहा, "भारतीय जनता पार्टी के 12 वर्षों के शासन ने यह साबित कर दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री हैं। जवाहरलाल नेहरू जैसे पूर्व नेताओं को चुनाव से पहले मनोनीत किया जाता था, जबकि नरेंद्र मोदी ने पूरी तरह से लोकतांत्रिक चुनावी प्रक्रिया के माध्यम से 12 वर्ष पूरे किए हैं। मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल से उन्हें व्यापक प्रशासनिक अनुभव भी प्राप्त है।"
उधर, टीजेएस प्रमुख एम. कोडंडाराम ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, एम. कोडंडाराम ने कहा, "एसआईआर के कारण नागरिकों, विशेषकर अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक और निर्धन वर्ग जैसे वंचित समुदायों के मताधिकार का हनन हो रहा है। इस कारण वे अपने सबसे बड़े लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित हो रहे हैं। मतदान वह संवैधानिक हथियार है, जिसके बल पर ये वर्ग सरकार से अपनी मांगें मनवाते हैं। यदि उनसे यह अधिकार छिन गया, तो वे नागरिक अधिकारों से विहीन हो जाएंगे और फिर सरकार के समक्ष अपनी बात रखने की उनकी शक्ति पूरी तरह खत्म हो जाएगी।"
इसके अलावा, उन्होंने भाजपा सांसद अरविंद की उन टिप्पणियों पर भी पलटवार किया, जिसमें मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के पाला बदलने की अटकलें लगाई गई थीं। कोडंडाराम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हैदराबाद दौरे के दौरान दिए गए बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने सभी से मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के राजनीतिक इरादों पर संदेह न करने की अपील भी की।
--आईएएनएस
ओपी/एएस

