Samachar Nama
×

कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप: सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को दी शिकस्त, खिताबी मुकाबले में युगांड़ा से होगी भिड़ंत

कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप: सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को दी शिकस्त, खिताबी मुकाबले में युगांड़ा से होगी भिड़ंत
कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप: सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को दी शिकस्त, खिताबी मुकाबले में युगांड़ा से होगी भिड़ंत

अहमदाबाद, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के महिला वर्ग के फाइनल में भारत का मुकाबला युगांडा से होगा। शुक्रवार को अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज करके दोनों टीमों ने फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 39-14 से करारी शिकस्त दी, जबकि युगांडा की महिला टीम ने केन्या को 23-21 से हराया। यह मुकाबला आखिरी मिनट तक काफी रोमांचक रहा। अब 31 अक्टूबर को फाइनल में ये दोनों टीमें फिर से भिड़ेंगी। इससे पहले ग्रुप स्टेज में भी इनका मुकाबला हुआ था, जिसमें भारत ने 41-18 से जीत हासिल की थी।

युगांडा ने केन्या को 23-21 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। युगांडा की ओर से नकायोंगो शिरात और नालवोगो नाहिया ने 8-8 अंक हासिल किए। नाहिया ने बेंच से उतरकर दूसरे हाफ में अपने सभी अंक जुटाए। कप्तान नालुबेगा ओलिविया ने 3 टैकल प्वाइंट हासिल किए।युगांडा ने 17 रेड प्वाइंट 4 टैकल प्वाइंट लिए, साथ ही एक ऑलआउट भी किया। केन्या के लिए लावेंडा ओधियाम्बो ने 25 रेड में 16 प्वाइंट (जिसमें 6 बोनस प्वाइंट शामिल हैं) बनाए, जबकि लिजिएन ओविनो ने 2 टैकल प्वाइंट जोड़े।

युगांडा ने मैच की शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और हाफ-टाइम तक 12-9 से आगे था। मैच खत्म होने से सात मिनट पहले भी टीम 18-12 से आगे चल रही थी। हालांकि, केन्या ने आखिरी समय तक मुकाबला नहीं छोड़ा। ब्रेक के बाद ओधियाम्बो ने अपने 16 में से 11 प्वाइंट हासिल किए और अंतिम सात मिनट में केन्या ने 9-5 से बेहतर प्रदर्शन किया। दोनों टीमों के रेड प्वाइंट बराबर रहे, लेकिन पहले हाफ में युगांडा को मिला ऑलआउट और 'डू-ऑर-डाई' रेड में शानदार 100 प्रतिशत सफलता रिकॉर्ड (5 में 5) उनकी जीत का बड़ा कारण बना।

भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को 39-14 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। हाफ-टाइम तक भारत 24-7 से आगे था। साक्षी ने 11 प्वाइंट्स के साथ भारत का नेतृत्व किया, जिसमें 8 प्वाइंट रेड से और 3 प्वाइंट टैकल से आए। वहीं, कप्तान निधि शर्मा ने 12 रेड में 10 प्वाइंट हासिल किए, जिनमें 2 बोनस प्वाइंट भी शामिल थे। रितु ने 4 टैकल प्वाइंट के साथ डिफेंस को संभाला, जबकि सुमन ने 3 प्वाइंट जोड़े। भारत ने रेड से 21 और टैकल से 12 प्वाइंट बनाए, और विपक्षी टीम को 3 बार ऑलआउट किया।

श्रीलंका के लिए दिलुक्षना ने सबसे ज्यादा 6 प्वाइंट बनाए, जिसमें 5 बोनस प्वाइंट शामिल थे। प्रियवर्णा ने एक 'सुपर टैकल' भी किया, लेकिन पूरे मैच में श्रीलंका केवल 8 सफल रेड ही कर पाया। मैच के बाद भारत की कप्तान निधि शर्मा ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं; फाइनल में पहुंचकर बहुत अच्छा लग रहा है। हम पहले भी युगांडा के खिलाफ खेल चुके हैं, लेकिन वे अपनी रणनीति बदलेंगे क्योंकि यह दूसरी बार है जब हम उनका सामना कर रहे हैं, इसलिए यह एक अच्छा मुकाबला होगा।" भारत और युगांडा की महिला टीमों के बीच फाइनल मुकाबला शनिवार को शाम 7:30 बजे (आईएसटी) खेला जाएगा।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Share this story

Tags