'खेलों में नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा देश', कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन के लिए नेताओं ने एथलीटों को दी बधाई
नई दिल्ली, 2 अगस्त (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर देशभर से बधाइयों का सिलसिला जारी है। जदयू सांसद संजय झा, भाजपा सांसद करण भूषण सिंह, भाजपा प्रवक्ता तुहिन सिन्हा और जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए इसे भारत के खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।
जदयू सांसद संजय झा ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों की सफलता पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल ऐसा क्षेत्र है, जिसमें भारत लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। अब देश की नजर आने वाले ओलंपिक पर है और सबसे बड़ा लक्ष्य भविष्य में अधिक से अधिक ओलंपिक पदक जीतना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत धीरे-धीरे उस दिशा में आगे बढ़ रहा है और नीरज चोपड़ा जैसे खिलाड़ियों ने देश के युवाओं को नई प्रेरणा दी है।
उन्होंने कहा कि पहले खेलों में बड़े शहरों और महानगरों के खिलाड़ियों का दबदबा माना जाता था, लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। ग्रामीण क्षेत्रों, छोटे शहरों और टियर-2 तथा टियर-3 शहरों के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं।
संजय झा ने कहा कि बिहार में भी खेलों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुलिस समेत विभिन्न सरकारी सेवाओं में अवसर दिए जा रहे हैं। इससे युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का प्रोत्साहन मिल रहा है। केंद्र सरकार के बढ़ते फोकस और बेहतर खेल सुविधाओं के कारण आने वाले वर्षों में भारत खेलों के क्षेत्र में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगा।
उत्तर प्रदेश के गोंडा में भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने कहा, "इस बार भारत का प्रदर्शन पिछले संस्करणों की तुलना में कहीं बेहतर रहा है। एक ही दिन में आठ मेडल जीतना यह दिखाता है कि हमारे एथलीटों को बेहतर सुविधाएं और सहयोग मिल रहा है।"
मुंबई में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने कहा कि इस सफलता का सबसे बड़ा श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और समर्पण को जाता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सरकार के निवेश ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने भी भारतीय खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, "कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में यह पहली बार है जब भारतीय एथलीटों ने एक ही दिन में इतने सारे गोल्ड मेडल जीते हैं। मैं इस असाधारण उपलब्धि के लिए सभी विजेताओं और रनर-अप को बधाई देता हूं।"
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस

