Samachar Nama
×

कॉमनवेल्थ गेम्स: खेल मंत्री मांडविया और भारतीय समुदाय ने ग्लासगो में 'चीयर 4 भारत' का नारा बुलंद किया

कॉमनवेल्थ गेम्स: खेल मंत्री मांडविया और भारतीय समुदाय ने ग्लासगो में 'चीयर 4 भारत' का नारा बुलंद किया
कॉमनवेल्थ गेम्स: खेल मंत्री मांडविया और भारतीय समुदाय ने ग्लासगो में 'चीयर 4 भारत' का नारा बुलंद किया

ग्लासगो, 23 जुलाई (आईएएनएस)। 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने वाले भारतीय एथलीटों के लिए समर्थन जुटाने के मकसद से केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने भारतीय समुदाय के साथ मिलकर 'चीयर 4 भारत' बैनर तले एक साइकिलिंग इवेंट आयोजित किया। इसके माध्यम से उन्होंने दुनिया भर में फिटनेस के प्रति जागरूकता को बढ़ावा दिया।

इस अवसर पर मांडविया ने कहा कि फिटनेस हर वैश्विक नागरिक के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने वाले भारतीय एथलीटों का हौसला बढ़ाने के लिए भारतीय समुदाय ने 'चीयर 4 भारत' पहल का आयोजन किया। इसके जरिए हमने यह संदेश दिया कि फिटनेस दुनिया के हर नागरिक के लिए जरूरी है। भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'फिट इंडिया मूवमेंट' शुरू किया था और हमारा समुदाय इस मकसद से गहराई से जुड़ा हुआ है।"

मांडविया ने कहा, "किसी भी देश की तरक्की के लिए उसके नागरिकों का फिट होना जरूरी है। फिट नागरिक ही एक स्वस्थ समाज बनाते हैं और सिर्फ एक स्वस्थ समाज ही एक समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। मेरी अपील है कि एक विकसित राष्ट्र बनाने के सामूहिक संकल्प के तहत राष्ट्रीय फिटनेस अभियान के लिए सभी एकजुट हों।"

साइकिलिंग के फायदों पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि यह पर्यावरण प्रदूषण का एक सशक्त समाधान है, व्यक्तिगत फिटनेस के लिए एक अहम जरिया है और शहरी ट्रैफिक जाम का एक प्रभावी उपाय है।

मांडविया ने कहा, "साइकिलिंग के जरिए हम दुनिया को एक संदेश देना चाहते हैं कि आइए, अपने ग्रह को बचाने और पर्यावरण की रक्षा के लिए मिलकर काम करें। 'चीयर 4 भारत' के तहत आयोजित हमारे साइकिलिंग इवेंट के जरिए, भारतीय समुदाय हमारे एथलीटों का समर्थन करने और उनका हौसला बढ़ाने के लिए एकजुट हुआ है।"

मौके पर मौजूद यूनाइटेड किंगडम में भारत के हाई कमिश्नर पेरियासामी कुमारन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों के क्षेत्र में भारत की तरक्की पर आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री ने कई बार भारत में बढ़ते मोटापे और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की जरूरत के बारे में बात की है। इसी से 'फिट इंडिया मूवमेंट' की शुरुआत हुई। यह कॉमनवेल्थ गेम्स का थोड़ा छोटा रूप है क्योंकि इस बार कम खेल शामिल हैं। 2030 में अहमदाबाद में होने वाला आयोजन इसका पूरा रूप होगा। हमें पिछले प्रदर्शनों की तुलना में अपने पदकों को बढ़ाने के लिए तैयार रहना चाहिए। मुझे उम्मीद है कि ऐसा होगा। निश्चित रूप से, भारत में इस बात को लेकर बहुत उत्साह है कि कॉमनवेल्थ गेम्स का यह आयोजन बहुत ही शानदार होने वाला है।"

भारतीय दल 19वीं बार कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा ले रहा है। 1930 में शुरू हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का सफर दूसरे संस्करण (1934) में शुरू हुआ था। ग्लासगो, स्कॉटलैंड में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 124 सदस्यीय भारतीय दल हिस्सा ले रहा है। इसमें आठ खेलों और पांच पैरा-स्पोर्ट्स के एथलीट पदक के लिए मुकाबला करेंगे। भारत अपने अभियान की शुरुआत पुरुषों और महिलाओं के लॉन बाउल इवेंट्स से करेगा।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story

Tags