सीडब्ल्यूजी 2026: नटराज 100 मीटर बैकस्ट्रोक के सेमीफाइनल में पहुंचे, साजन बटरफ्लाई इवेंट से बाहर
ग्लासगो, 28 जुलाई (आईएएनएस)। श्रीहरि नटराज ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की तैराकी प्रतियोगिता में भारत की उम्मीदें कायम रखी हैं, जिन्होंने मंगलवार को पुरुषों के 100 मीटर बैकस्ट्रोक सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं, अनुभवी साजन प्रकाश की चुनौती पुरुषों के 50 मीटर बटरफ्लाई में क्वालीफाई न कर पाने के बाद खत्म हो गई।
दो बार के ओलंपियन और इस इवेंट में भारत के नेशनल रिकॉर्ड होल्डर नटराज, हीट में सबसे तेज 16 तैराकों में शामिल होकर आसानी से आगे बढ़े। बेंगलुरु के इस तैराक ने अपनी हीट में पांचवां और कुल मिलाकर 13वां स्थान हासिल करने के लिए 55.58 सेकंड का समय लिया।
25 वर्षीय तैराक ने शुरुआती 50 मीटर की दूरी 26.26 सेकंड में तय की और फिर 55.58 सेकंड में रेस पूरी की। हालांकि, यह समय उनके 2021 में बनाए गए पर्सनल बेस्ट 53.77 सेकंड (नेशनल रिकॉर्ड) से काफी पीछे था, लेकिन उनकी मेडल की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए यह समय काफी था। इससे एक पहले श्रीहरि नटराज भारत की पुरुषों की 4x200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम का हिस्सा थे, जो फाइनल में छठे स्थान पर रही।
इसके उलट, साजन प्रकाश के लिए यह एक और मुश्किल दिन रहा; उनका कॉमनवेल्थ गेम्स का सफर शुरुआती राउंड से आगे नहीं बढ़ पाया।
पुरुषों के 50 मीटर बटरफ्लाई की नौवीं और आखिरी हीट में हिस्सा लेते हुए, 32 वर्षीय तैराक ने 24.94 सेकंड में रेस पूरी की; वे अपनी रेस में आठवें और कुल मिलाकर 28वें स्थान पर रहे। इस प्रदर्शन के साथ साजन क्वालिफिकेशन की जगह से काफी पीछे रह गए और अपने 23.83 सेकंड के नेशनल रिकॉर्ड से भी काफी दूर रहे।
यह नतीजा दो बार के ओलंपियन के लिए एक और निराशाजनक प्रदर्शन के बाद आया। उन्होंने सोमवार को पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के फाइनल में 1:58.05 मिनट का समय लेकर आठवां स्थान हासिल किया था। यह प्रदर्शन भी उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ और राष्ट्रीय रिकॉर्ड 1:56.38 मिनट से कमजोर रहा, जिससे भारत के सबसे अनुभवी तैराकों में से एक के लिए यह अभियान काफी चुनौतीपूर्ण साबित हुआ।
नटराज के सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ, पूल में भारत की उम्मीदें अब काफी हद तक इस बैकस्ट्रोक स्पेशलिस्ट पर टिकी हैं, क्योंकि वह कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीतने वाले दूसरे भारतीय तैराक बनने के करीब हैं। उनसे पहले प्रशांत कर्माकर ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 में पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल एस9 पैरा इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था।
--आईएएनएस
आरएसजी

