कॉलेज कैंपस के सामने मारपीट और जानलेवा फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार, इटली मेड पिस्टल व तीन कारतूस बरामद
ग्रेटर नोएडा, 21 नवंबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में कॉलेज कैंपस के सामने छात्रों के साथ मारपीट और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रशान्त नागर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से इटली मेड एक अवैध पिस्टल और .32 बोर के तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना से संबंधित एक ब्रेजा कार भी बरामद की गई है, जिसे पुलिस ने सीज कर दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर 2026 को थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में स्थित एक कॉलेज कैंपस के सामने मारपीट और फायरिंग की घटना हुई थी। आरोप है कि प्रशान्त नागर ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित और उसके दोस्तों के साथ मारपीट की थी। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित पक्ष को जान से मारने की नीयत से गोली भी चलाई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नॉलेज पार्क थाना पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के माध्यम से प्रशान्त नागर के संबंध में अहम जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 21 नवंबर को कार्रवाई करते हुए उसे सफीपुर सर्विस रोड से लॉयड की तरफ जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की तलाशी और उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल बरामद की। पिस्टल पर मेड इन इटली अंकित है। इसके साथ ही .32 बोर के तीन जिंदा कारतूस भी मिले। पुलिस ने आरोपी से संबंधित एक ब्रेजा कार भी बरामद की है। पुलिस ने कार को सीज कर दिया है। बरामद हथियार और कार को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी प्रशान्त नागर पुत्र संजय नागर है। वह ग्राम अट्टा गूजरान, थाना दनकौर, गौतमबुद्धनगर का निवासी है और उसकी उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ नॉलेज पार्क थाने में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 में थाना दनकौर में मुकदमा दर्ज है। यह मामला लूट और चोरी की संपत्ति रखने से संबंधित धाराओं में दर्ज किया गया था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और अवैध हथियार की बरामदगी से मामले की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस बरामद पिस्टल और कार के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वारदात में इनका किस तरह इस्तेमाल किया गया था।
--आईएएनएस
पीकेटी/एमएस

