कोल इंडिया में 660 मैनेजमेंट ट्रेनी पदों की भर्ती, आवेदन की तारीख बढ़ाई
मुंबई, 11 जून (आईएएनएस)। कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, सीआईएल ने अलग-अलग क्षेत्रों में ई-1 ग्रेड के मैनेजमेंट ट्रेनी (एमटी) के कुल 660 पदों पर पात्र और इच्छुक उम्मीदवारों की बंपर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
कोल इंडिया की ओर से मैनेजमेंट ट्रेनी पोस्ट के लिए जारी 660 रिक्तियों में सिविल से 178, इलेक्ट्रिकल से 221, मैकेनिकल से 145, सिस्टम से 43, इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार (ई एंड टी) से 38, भूविज्ञान (जियोलॉजी) से 15, औद्योगिक अभियांत्रिकी (इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग) से 11, राजभाषा (हिंदी) से 5 और कंपनी सचिव से 4 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 12 मई के सुबह 10 बजे से शुरू हो गई थी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 11 जून के शाम 6 बजे तक तय की गई थी। कोल इंडिया ने आवेदन की अंतिम तिथि में संसोधन करते हुए उसके डेडलाइन को आगे बढ़ा दिया है।
कोल इंडिया इन पदों के लिए आवेदन विंडो एक बार फिर से सक्रिय करने वाला है। उम्मीदवार गुरुवार शाम 6 बजे से सीईएल के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर 21 जून के शाम 6 बजे तक अब अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि उनके पास आवेदन करने का यह अंतिम मौका है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएशन, इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन की डिग्री, कंप्यूटर विज्ञान/कंप्यूटर इंजीनियरिंग/सूचना प्रौद्योगिकी में बीई/बीटेक/बीएससी (इंजीनियरिंग) में प्रथम श्रेणी की डिग्री या एमसीए के साथ कोई भी प्रथम श्रेणी की डिग्री, बीई/बीटेक/बीएससी (इंजीनियरिंग) की डिग्री, भूविज्ञान या अनुप्रयुक्त भूविज्ञान या भूभौतिकी या अनुप्रयुक्त भूभौतिकी में एमएससी/एमटेक, हिंदी में मास्टर की डिग्री और हिंदी व अंग्रेजी को मुख्य विषयों के रूप में लेकर ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ सभी पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 30 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य उम्मीदवारों का कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन परीक्षा (सीबीटी), डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, मेरिट सूची, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 60,000 से 1,80,000 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य (यूआर)/ओबीसी (क्रीमी लेयर और नॉन-क्रीमी लेयर)/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,180 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/कोल इंडिया लिमिटेड और उसकी सहायक कंपनियों के कर्मचारी को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/वीसी

