Samachar Nama
×

सीएम योगी ने रामलला और हनुमानगढ़ी के किए दर्शन, नए सीईओ से की मुलाकात

सीएम योगी ने रामलला और हनुमानगढ़ी के किए दर्शन, नए सीईओ से की मुलाकात
सीएम योगी ने रामलला और हनुमानगढ़ी के किए दर्शन, नए सीईओ से की मुलाकात

अयोध्या, 8 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरे के दौरान हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन किए। इस दौरान राम मंदिर ट्रस्ट के नए ट्रेजरर महेश भागचंदका ने बताया कि ट्रस्ट की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया और मंदिर के संचालन एवं व्यवस्थाओं को लेकर उनसे मार्गदर्शन लिया गया। उन्होंने बताया कि राम मंदिर के नए सीईओ ने कार्यभार संभाल लिया है और अगले पांच से सात दिनों के भीतर स्थायी रूप से अयोध्या में रहने की तैयारी है।

महेश भागचंदका ने बताया कि नए सीईओ पहले ही दो-तीन बार अयोध्या का दौरा कर चुके हैं और मंदिर की व्यवस्थाओं को समझ रहे हैं। सीईओ ने चार दिनों में दो बार अयोध्या का दौरा किया है और अब जल्द ही उनका स्थायी ठिकाना अयोध्या होगा। मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात के दौरान मंदिर के संचालन और श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री की ओर से मिले मार्गदर्शन को सीईओ तक पहुंचा दिया गया है और अब उसके आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार के लिए काम किया जा रहा है।

भागचंदका ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी। मंदिर परिसर और दर्शन व्यवस्था को अधिक बेहतर बनाने के लिए जिन भी कदमों की आवश्यकता होगी, उन पर काम किया जाएगा। नए ट्रस्टी बनने के बाद मुख्यमंत्री से यह परिचय का भी अवसर था। मुख्यमंत्री जब मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे तो ट्रस्टियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मंदिर संचालन और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन मिला। इस दौरान सीईओ, ट्रस्टियों और कोषाध्यक्ष समेत चार ट्रस्टी मौजूद थे। महेश भागचंदका के अलावा कृष्ण मोहन और मदन मोहन समेत अन्य ट्रस्ट सदस्य भी वहां उपस्थित रहे।

हनुमानगढ़ी के पुजारी महंत राजू दास ने मुख्यमंत्री योगी के अयोध्या दौरे को लेकर उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि अयोध्या की अपनी विशेष महिमा है और मुख्यमंत्री ने विकास के साथ धार्मिक स्थलों के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभाई है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ चिकित्सा, शिक्षा और रोजगार जैसे विषयों के साथ धार्मिक गतिविधियों को भी साथ लेकर चल रहे हैं। मुख्यमंत्री का विकास योजनाओं के बाद हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि पहुंचकर दर्शन-पूजन करना उनके लिए विशेष बात है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने नए सीईओ से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने सीईओ को मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने और श्रद्धालुओं को संतुष्ट करने वाली व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

वहीं, अयोध्या के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे के दौरान जीआईसी ग्राउंड में आंगनवाड़ी सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 12 से 15 हजार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री की ओर से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए कई घोषणाएं भी की गईं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में मीडिया के सहयोग के लिए भी आभार जताया।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story

Tags