Samachar Nama
×

सीएम योगी ने देखी ‘आनंद मठ’ की नाट्य प्रस्तुति, कलाविदों और पूर्व छात्रों को किया सम्मानित

लखनऊ, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भारतेंदु नाट्य अकादमी के संपूर्ण भवन व दो प्रेक्षागृहों के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया। उन्होंने यहां कलाविदों-पूर्व छात्रों का सम्मान, रंगवेद पत्रिका का विमोचन और प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
सीएम योगी ने देखी ‘आनंद मठ’ की नाट्य प्रस्तुति, कलाविदों और पूर्व छात्रों को किया सम्मानित

लखनऊ, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भारतेंदु नाट्य अकादमी के संपूर्ण भवन व दो प्रेक्षागृहों के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया। उन्होंने यहां कलाविदों-पूर्व छात्रों का सम्मान, रंगवेद पत्रिका का विमोचन और प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय रचित उपन्यास आनंदमठ की नाट्य प्रस्तुति भी देखी। इसके पहले भारतेंदु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष डॉ. रतिशंकर त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। मंच पर पहुंची एक बच्ची ने पैर छूकर मुख्यमंत्री का आशीर्वाद लिया। सीएम ने बच्ची का उत्साहवर्धन करते हुए चॉकलेट दी।

इसके अलावा सीएम योगी ने कलाविदों व पूर्व छात्रों को सम्मानित किया। जिनमें किरण बिसारिया(लखीमपुर खीरी),पद्मश्री रामगोपाल बजा (नई दिल्ली), पद्मश्री डॉ. अनिल रस्तोगी (लखनऊ), प्रो. अजय मलकानी (रांची),रविशंकर खरे (गोरखपुर),चित्रा मोहन (प्रयागराज),मंजू ब्रजनंदन शर्मा (सहारनपुर), मुनीश सप्पल (मुंबई),डॉ. देवेंद्र कुमार त्रिपाठी (प्रयागराज), डॉ. अजीत सैगल (वाराणसी), राकेश निगम (लखनऊ), प्रमोद सिंह राणा (आगरा), आलोक पांडेय (शाहजहांपुर), कुशल दुबे (जौनपुर), राकेश पांडेय (भदोही) शामिल है।

वहीं, सीएम योगी ने भारतेंदु नाट्य अकादमी के स्वर्ण जयंती समारोह की फोटो शेयर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''जब भावनाएं शब्द बनती हैं, शब्द अभिनय और अभिनय जब जन-चेतना बनकर समाज को नई दिशा देता है तो सच्चे अर्थों में वही 'रंगमंच' होता है। कला-संस्कृति के संवर्धन केंद्र भारतेन्दु नाट्य अकादमी की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज आयोजित 'स्वर्ण जयंती नाट्य समारोह' के शुभारंभ कार्यक्रम में सहभाग किया।''

उन्होंने आगे लिखा, ''इस अवसर पर संपूर्ण भवन एवं दो प्रेक्षागृहों का 22 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से हुए जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया साथ ही अकादमी के पूर्व विद्यार्थियों, प्रमुख रंगकर्मियों एवं कलाविदों को सम्मानित कर 'रंगवेद' पत्रिका का विमोचन भी किया। भारतेन्दु नाट्य अकादमी की 50 वर्षों की यह स्वर्णिम यात्रा अनवरत आगे बढ़ती रहे। अकादमी को आगे बढ़ाने वाले राज बिसारिया जी की स्मृतियों को नमन एवं सभी को हार्दिक बधाई व मंगलमय शुभकामनाएं।''

--आईएएनएस

एसके/एएस

Share this story

Tags