सीएम योगी ने बुलाया तो दौड़कर मंच पर पहुंचीं महिलाएं, भेंट किया हाथ से बनाया गया चित्र
गाजीपुर, 30 जुलाई (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का तुलिका के जरिए हाथ से बनाया गया चित्र लेकर दो महिलाएं जनसभा स्थल पर खड़ी थीं। भाषण के दौरान सीएम योगी ने इन्हें देखा और अपना भाषण समाप्त करने के उपरांत उन्होंने सुरक्षाकर्मियों से दोनों महिलाओं को मंच पर लेकर आने को कहा।
यह देखकर दोनों महिलाएं दौड़कर मंच पर पहुंच गईं। उन्होंने सीएम योगी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और अपनी बनाई पेंटिंग भेंट की। मुख्यमंत्री ने दोनों की प्रशंसा की और हालचाल पूछते हुए इन्हें आशीर्वाद भी दिया।
सीएम योगी ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया, उन्हें खिलौने भी दिए। इस दौरान गाजीपुर के विकास पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई। उन्होंने यहां विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित भी किया।
इन लोगों को मिला सम्मान
अनिमेष राय : मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना : लैपटॉप
सुंदरी : मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत 7 हजार का चेक व प्रमाण पत्र
आशुतोष पांडेय : (बेसिक शिक्षा विभाग) मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड
वंदना यादव : (माध्यमिक शिक्षा विभाग) मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड
दिवाकर सिंह : (उच्च शिक्षा विभाग) मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड
अंचलानंद राय : प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत 1.08 लाख का चेक
मनोरमा देवी : लखपति दीदी योजना के तहत प्रमाण पत्र
मधुबाला भारती : 877 रिवाल्विंग फंड व 819 सामुदायिक निवेश निधि के तहत 14.91 करोड़ से अधिक की धनराशि का चेक
सोमारी : मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत अनुदान राशि का स्वीकृति पत्र
पूनम देवी : मुख्यमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत अनुदान राशि का स्वीकृति पत्र
पुष्पा देवी : मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत पांच लाख का चेक
नितेश राय : फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत 32 लाख का चेक
कंचन यादव : शौचालय के लिए स्वीकृति पत्र।
--आईएएनएस
डीकेपी/

