'अखिलेश यादव टोपी-लुंगी पहनना शुरू कर देंगे', सीएम योगी के बाद सपा पर भाजपा नेताओं ने भी बोला हमला
लखनऊ, 8 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में एक सभा को संबोधित करते हुए पूर्व की समाजवादी पार्टी सरकार और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में जंगलराज और माफियाराज था। इस पर भाजपा समर्थित नेताओं और सरकार में मंत्रियों की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
मंत्री दानिश अंसारी ने कहा कि सीएम योगी ने जो कहा है, वह उत्तर प्रदेश की सच्चाई है। समाजवादी पार्टी के शासनकाल में उत्तर प्रदेश को जंगलराज और माफियाराज में तब्दील कर दिया गया था। थानों को गुंडों और माफियाओं को सौंपने का काम किया गया था। सरकारी नौकरियों की बोली सपा के नेता लगाते थे। महिलाएं और बहनें शाम को घर से नहीं निकलती थीं। वहां से प्रदेश निकलकर सुशासन के रास्ते पर चल रहा है।
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले और बाद के उत्तर प्रदेश में जमीन-आसमान का अंतर है। समाजवादी पार्टी चाहती है कि 2027 के चुनावों में जनता को गुमराह करके प्रदेश को फिर से गुंडों और माफियाओं के हाथों में सौंप दिया जाए, लेकिन उनकी सोच कामयाब नहीं हो पाएगी।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि 2017 से पहले सपा सरकार ने प्रदेश के बारे में नहीं सोचा था। शर्ट बदलने से दिल नहीं बदलता। 2012 से 2017 तक अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा सरकार के कार्यों को लेकर कोई भी अंधेरे में नहीं है। अखिलेश यादव को 2027 में मुख्यमंत्री बनने का ख्वाब छोड़ देना चाहिए।
सपा कार्यकर्ताओं के लिए नीले रंग की ड्रेस जारी किए जाने पर भाजपा नेता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव अपने पीडीए को लेकर ही कन्फ्यूज हैं। उन्होंने पहले पीडीए के 'पी' का मतलब 'पिछड़ा' बताया और फिर 'पंडित' बता दिया। जब उन्हें लगा कि उनके साथ पंडित भी नहीं आ रहे हैं, तो उन्होंने अब दलितों को खुश करने के लिए नीले रंग की ड्रेस शुरू की है। कुछ दिन बाद मुसलमानों को खुश करने के लिए टोपी और लुंगी पहनना शुरू कर देंगे।
सीएम योगी के बयान पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि जितने भी माफिया और गुंडे थे, वे सभी सीएम योगी की शरण में चले गए हैं। वे एमएलसी और एमएलए बन गए हैं और आशीर्वाद ले रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को फेल बताते हुए कहा कि सरकार दंगे-फसाद और भाईचारे को खराब करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। भाजपा के लोग इसी दिशा में काम कर रहे हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम

