Samachar Nama
×

सीएम योगी का पश्चिम बंगाल आना यहां के लिए नई शुरुआत : भाजपा समर्थक

बांकुड़ा, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में भाजपा समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे से पहले सोनामुखी विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में समर्थक जुटने लगे हैं।
सीएम योगी का पश्चिम बंगाल आना यहां के लिए नई शुरुआत : भाजपा समर्थक

बांकुड़ा, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में भाजपा समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे से पहले सोनामुखी विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में समर्थक जुटने लगे हैं।

एक भाजपा समर्थक ने आईएएनएस से कहा कि योगी आदित्यनाथ का यहां आना एक नई शुरुआत साबित होगा। वहीं, दूसरे समर्थक ने बताया कि हम पिछले 15 साल से पश्चिम बंगाल में कई समस्याओं का सामना कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि इस बार बदलाव जरूर आएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा के प्रमुख स्टार प्रचारकों में गिने जाते हैं। हर चुनाव में उनकी रैलियों की काफी मांग रहती है। हाल ही में वे असम विधानसभा चुनाव में भी प्रचार के लिए पहुंचे थे, जहां उन्होंने कई जनसभाओं को संबोधित किया था।

इस बार पश्चिम बंगाल का चुनाव बेहद अहम और ऐतिहासिक माना जा रहा है। पहले चरण के मतदान की तारीख नजदीक आते ही भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में रविवार को योगी आदित्यनाथ बांकुड़ा और पुरबा मेदिनीपुर में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

राज्य में इस बार चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इसके बाद 4 मई को मतगणना की जाएगी।

बंगाल में बढ़ती राजनीतिक सरगर्मी के बीच नेताओं के दौरे और रैलियां लगातार तेज हो रही हैं। ऐसे में योगी आदित्यनाथ का यह दौरा भाजपा के लिए चुनावी रणनीति के हिसाब से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बांकुड़ा को 'टैंक सिटी' (तालाबों का शहर) कहा जाता है। बांकुड़ा को मुख्य रूप से यहां की मिट्टी में लेटराइट और आयरन ऑक्साइड (लोहे के अंश) की प्रचुरता के कारण 'लाल माटी' कहा जाता है। बांकुड़ा विधानसभा क्षेत्र पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के मध्य में स्थित है।

बांकुड़ा की उत्तरी सीमा दामोदर नदी से घिरी है, जबकि द्वारकेश्वर, शिलाबती, कंगसाबती, गंधेश्वरी और कुमारी नदियां इसके क्षेत्र से होकर गुजरती हैं। यहां की अर्थव्यवस्था कृषि, लघु उद्योगों और सेवाओं का संगम है। धान प्रमुख फसल है, लेकिन किसान तिलहन, आलू और दालें भी उगाते हैं।

सांस्कृतिक रूप से यह जिला टेराकोटा के प्रसिद्ध 'बांकुड़ा घोड़े', डोकरा धातु शिल्प और हथकरघा के लिए विख्यात है। इसके अलावा यह शहर एक प्रशासनिक और व्यापारिक केंद्र के रूप में कार्य करता है, जहां सरकारी कार्यालय, कॉलेज और अस्पताल जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

--आईएएनएस

वीकेयू/वीसी

Share this story

Tags