सीएम योगी द्वारा परिसीमन बिल के समर्थन के अपील पर रामजीलाल सुमन का पलटवार, बोले- अपनी राय अपने पास रखें
लखनऊ, 29 नवंबर (आईएएनएस)। परिसीमन विधेयक को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच राजनीतिक टकराव देखने को मिल रहा है। जहां सीएम योगी ने सांसदों से इस विधेयक का समर्थन करने की अपील की। वहीं अखिलेश यादव ने इसे भाजपा की सबसे बड़ी राजनीतिक गलती करार दिया। अब इस पर सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने की भी प्रतिक्रिया सामने आई है।
रामजी लाल सुमन ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "योगी आदित्यनाथ अपनी राय अपने पास रखें, हमें उनकी राय या नसीहत की जरूरत नहीं है। समाजवादी पार्टी जानती है कि उसे क्या रुख अपनाना है। हम सोच-समझकर इस बिल का विरोध कर रहे हैं।"
सपा सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी की मांग है कि लोकसभा की वर्तमान संख्या 543 पर अगले 25 वर्षों तक कोई बदलाव न किया जाए। साथ ही 3 साल पहले संसद में सर्वसम्मति से पास हुए महिला आरक्षण विधेयक को तुरंत लागू किया जाए।
भाजपा द्वारा सपा और कांग्रेस को महिला विरोधी बताए जाने के आरोपों पर भी रामजीलाल सुमन ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा से बड़ा झूठा दुनिया में कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा का महिला आरक्षण विधेयक से कोई लेना-देना नहीं है। 3 साल पहले जब संसद में सर्वसम्मति से महिला आरक्षण विधेयक पास कर दिया गया था, तब भाजपा को उसे लागू करने में क्या दिक्कत थी?
रामजीलाल ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा, “ये सब अपनी सुविधा के अनुसार, अपने पक्ष में सीटों का बंटवारा करना चाहते हैं। महिला आरक्षण विधेयक से इनका कोई रिश्ता नहीं है। इनकी नीयत में खोट है। भाजपा चाहती है कि सीटें बढ़ जाएं, जिससे वह देश में लंबे समय तक शासन करती रहे।”
वहीं, राहुल गांधी के डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर रामजीलाल सुमन ने कहा कि परिसीमन के मुद्दे पर कुछ लोगों को गुमराह किया गया है। इंडिया गठबंधन की कोशिश है कि वे लोग अपने पुराने रुख पर वापस आ जाएं।
--आईएएनएस
पीआईएम/वीसी

