Samachar Nama
×

सीएम उमर के आरोप पर भड़की भाजपा, पीडीपी बोली-सरकार सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को जाने दे

सीएम उमर के आरोप पर भड़की भाजपा, पीडीपी बोली-सरकार सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को जाने दे
सीएम उमर के आरोप पर भड़की भाजपा, पीडीपी बोली-सरकार सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को जाने दे

जम्मू, 28 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की टिप्पणी पर भाजपा और पीडीपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल, मुख्यमंत्री ने शेषनाग झील विवाद को लेकर भाजपा और पीडीपी पर हिंदू-मुस्लिम करने और उत्तर प्रदेश चुनाव में राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया था।

इस पर भाजपा विधायक शगुन परिहार ने कहा कि किसी भी धार्मिक संस्थान को लेकर कोई भी इस तरह की मानसिकता नहीं रखता। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा देश की एकता और अखंडता की बात की है। सभी समुदायों, सभी की एकता और सभी धर्मों के सम्मान की बात की है। नेशनल कॉन्फ्रेंस और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को इस तरह की बातें नहीं करनी चाहिए।

वहीं, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के विधायक आगा मुंतजिर मेहदी ने जम्मू-कश्मीर में फूट डालने की कोशिशों का भी आरोप लगाया। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह जमीनी हालात का जायजा लेने के लिए सभी दलों के एक प्रतिनिधिमंडल को शेषनाग ले जाए।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग जानना चाहते हैं कि वहां हैवी मशीनरीज का क्या काम है और उन्हें क्यों वहां लाया गया है। लोगों के मन में कई सवाल हैं और सरकार को उनका जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार का कहना है कि वहां ऐसा कोई काम नहीं हो रहा है, जिससे वहां का नाजुक इको सिस्टम संकट में आए, तो सरकार को एक ऑल पार्टी डेलीगेशन को वहां जाने की सुविधा देनी चाहिए। वह डेलीगेशन शेषनाग में जाकर तथ्यों को देखेगा और जम्मू-कश्मीर के लोगों को सही जानकारी देगा।

उन्होंने कहा कि जो मशीनरीज वहां लगाई गई है, अगर उससे पर्यावरण को कोई खतरा नहीं है, तो सरकार को इसे साफ तौर पर बताना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर सब कुछ सरकारी है और सही है, तो फिर सरकार उन लोगों को वहां जाने से क्यों रोक रही है, जो वहां पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि अगर वहां ऐसा कुछ नहीं है, जैसा कि उनका दावा है, तो वह ऑल पार्टी डेलीगेशन को फैसिलिटेट करे, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो जाए। इससे लोगों के मन का शक दूर होगा और सच्चाई सामने आएगी।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

Share this story