सीएम सम्राट चौधरी ने श्रावणी मेला 2026 का किया भव्य शुभारंभ
पटना, 28 जुलाई (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट पर विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलित कर श्रावणी मेला-2026 का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला केवल आस्था का पर्व नहीं बल्कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं आध्यात्मिक परंपरा का जीवंत प्रतीक है। राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि धार्मिक पर्यटन को देखते हुए सुल्तानगंज में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट बनाया जाएगा। अजगैबीनाथ से अगुवानी घाट तक रोप-वे का निर्माण होगा। भागलपुर से मुंगेर तक लगभग 83 किलोमीटर लंबा गंगा पथ (मरीन ड्राइव) विकसित किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, नए टाउनशिप और पर्यटन सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अगुवानी-सुल्तानगंज गंगा पुल का निर्माण कार्य 31 दिसंबर 2027 से पहले हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। सुल्तानगंज से देवघर तक फोरलेन सड़क का निर्माण भी बरसात के बाद तेज गति से शुरू होगा। इसके अलावा सुल्तानगंज-देवघर नई रेललाइन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ चुकी है। उन्होंने कहा कि अजगैबीनाथ धाम में हरिद्वार की तर्ज पर दोनों ओर घाट विकसित किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सके। अजगैबीनाथ धाम क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनाया जाएगा। यहां यहां डॉल्फिन पर्यटन विकसित करने, गंगा पार्क बनाने और रोप-वे परियोजना शुरू करने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नाथनगर क्षेत्र में विक्रमशिला टाउनशिप तथा बरियारपुर-मुंगेर क्षेत्र में 'अंग टाउनशिप' विकसित की जाएगी। गोराडीह और असरगंज में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर स्थापित कर रोजगार और निवेश के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े कदम उठाए हैं। जिन 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं थे, वहां डिग्री कॉलेज खोले गए हैं। राज्य के 551 स्थानों पर मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं, जहां छात्र-छात्राओं को नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आधुनिक सुविधाएं और ऑनलाइन शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है।
श्रावणी मेले को दुनिया की सबसे बड़ी आस्था का केंद्र बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालु एक वेश, एक संकल्प और 'बोल बम' के उद्घोष के साथ सुल्तानगंज से देवघर तक पदयात्रा करते हैं, जो विश्व में सामाजिक समरसता और आस्था का अद्भुत उदाहरण है। बिहार सरकार के पर्यटन सहित सभी विभाग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। वहीं स्थानीय लोग भी सेवा भाव से कांवरियों की सहायता में जुटे हुए हैं। उन्होंने बाबा अजगैबीनाथ और बाबा बैद्यनाथ के चरणों में प्रणाम करते हुए प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और बिहार के निरंतर विकास की कामना की।
कार्यक्रम में श्रावणी मेले की तैयारियों पर आधारित वृत्तचित्र दिखाया गया। साथ ही मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग की पुस्तिका का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रावणी मेला ऐप का भी लोकार्पण किया। ऐप के माध्यम से श्रद्धालुओं को यात्रा से संबंधित सभी जानकारियां मिलेगी।
इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुष्प गुच्छ और अंगवस्त्र भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने सुल्तानगंज स्थित कांवरिया पथ पर निर्मित सेवा शिविर का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की सेवा का भी महापर्व है। बिहार सरकार श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य, पेयजल, विश्राम, विश्राम, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से इस वर्ष का श्रावणी मेला श्रद्धालुओं के लिए और अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक होगा।
इस अवसर पर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद अजय मंडल, सांसद गिरिधारी यादव, विधायक मिथुन कुमार यादव, विधायक शुभानंद मुकेश, विधायक ललित नारायण मंडल, विधान पार्षद डॉ एनके यादव, विधान पार्षद विजय कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ चंद्रशेखर सिंह, विकास आयुक्त श्री मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय, पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण और बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित थे।
--आईएएनएस
डीकेपी/

