Samachar Nama
×

सीएम सम्राट चौधरी 1047.09 रुपए की लागत से 982 विकास योजनाओं का करेंगे उद्घाटन

सीएम सम्राट चौधरी 1047.09 रुपए की लागत से 982 विकास योजनाओं का करेंगे उद्घाटन
सीएम सम्राट चौधरी 1047.09 रुपए की लागत से 982 विकास योजनाओं का करेंगे उद्घाटन

पटना, 11 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को मुजफ्फरपुर की जनता को विकास योजनाओं की सौगात देंगे। सीएम यहां पर 1047.09 करोड़ रुपए की लागत से विकास योजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा कि नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत बुडको एवं मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 1047.09 करोड़ रुपए की लागत से 982 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जाएगा। इन योजनाओं के माध्यम से सड़क, जलनिकासी, पार्क, घाट, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य शहरी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।

सीएम ने आगे लिखा कि 213.25 करोड़ रुपए की लागत से विकसित सिकंदरपुर लेक फ्रंट परियोजना मुजफ्फरपुर को आधुनिक, स्वच्छ एवं आकर्षक शहरी पहचान प्रदान करेगी। समावेशी, आधुनिक एवं सतत शहरी विकास के माध्यम से नागरिकों के जीवन को अधिक सुगम और गुणवत्तापूर्ण बनाना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सीएम सम्राट चौधरी शनिवार को हाजीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने जिला निबंधन कार्यालय से राज्य की अत्याधुनिक डिजिटल एवं पेपरलेस निबंधन व्यवस्था के अंतर्गत होम रजिस्ट्रेशन, भूमि संबंधी ऑनलाइन जांच, पेपरलेस निबंधन प्रणाली एवं जीआईएस मैपिंग आधारित सेवाओं का शुभारंभ किया। साथ ही मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उन्होंने कहा कि अब 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को घर बैठे निबंधन की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही 75 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों एवं राज्य से बाहर रहने वाले लोगों के लिए भी डिजिटल माध्यम से निबंधन की प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ बनाने के निर्देश दिए गए हैं। यह नई व्यवस्था भूमि खरीद-बिक्री में पारदर्शिता, सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करेगी तथा खरीदारों के हितों की बेहतर रक्षा करेगी। साथ ही निबंधन कार्यालयों में आमजन के लिए बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित मुजफ्फरपुर आगमन को लेकर मुजफ्फरपुर जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा अंतर जिला फकुली चेक पोस्ट का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चेक पोस्ट पर सुरक्षा व्यवस्था, वाहनों की सघन जांच, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की निगरानी तथा विधि-व्यवस्था संधारण की तैयारियों का जायजा लिया गया। उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए प्रत्येक आने-जाने वाले वाहन एवं व्यक्ति की सतर्कतापूर्वक जांच सुनिश्चित करने तथा चेकिंग व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी

Share this story

Tags