सीएम पुष्कर धामी ने केंद्रीय मंत्री गडकरी से की मुलाकात, 7000 करोड़ के प्रोजेक्ट पर सहमति
नई दिल्ली, 30 जून (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए उन्होंने लिखा, "नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उत्तराखंड की लगभग 7000 करोड़ रुपए लागत की प्रस्तावित विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर सहमति बनी।"
सीएम धामी ने लिखा, "इसके तहत पांच प्रमुख सड़क परियोजनाओं, राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्पर मार्गों के माध्यम से संपर्क विस्तार सहित अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर सहमति बनी है। हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ-2027 की तैयारियों एवं श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के दृष्टिगत यह परियोजनाएं महत्वपूर्ण हैं।"
मुख्यमंत्री ने लिखा, "साथ ही यह प्रदेश के आधारभूत ढांचे को नई मजबूती प्रदान करते हुए सड़क संपर्क, पर्यटन, सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों तथा दूरस्थ अंचलों के विकास को भी नई गति देगा। उन्होंने लिखा कि बैठक के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा भी उपस्थित रहे। विभिन्न प्रस्तावित परियोजनाओं पर सकारात्मक आश्वासन देने के लिए आदरणीय केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री जी का हृदय से आभार।"
सीएम धामी ने राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों, सीमांत क्षेत्रों की सामरिक एवं रणनीतिक महत्ता, तीर्थाटन, पर्यटन तथा आपदा प्रबंधन की आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए राज्य में सुदृढ़ एवं आधुनिक सड़क नेटवर्क के विकास की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने राज्य के लंबित प्रस्तावों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय का अनुरोध किया।
केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि के अंतर्गत वर्ष 2026-27 हेतु राज्य सरकार को लगभग 750 करोड़ लागत की परियोजनाओं की स्वीकृति पर सहमति प्रदान की गई। इसके साथ ही एनएचओ के अंतर्गत 5 प्रमुख परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई, जिनकी कुल अनुमानित लागत लगभग 2966 करोड़ है। इनमें श्रीनगर बाईपास का पीएमसी, पुरकाजी–लक्सर–हरिद्वार मार्ग की चार-लेनिंग, लोहाघाट एवं पिथौरागढ़ बाईपास की एलीजमेंट, मझोला से खटीमा के आबादी भाग में चार-लेन विस्तार तथा रामनगर–रानीखेत (मोहन) मार्ग का सुदृढ़ीकरण प्रमुख रूप से शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025-26 तक की 530.11 करोड़ की लंबित प्रतिपूर्ति राशि शीघ्र अवमुक्त किए जाने का भी अनुरोध किया।
सीएम धामी ने अर्धकुंभ मेला 2027 के दृष्टिगत हरिद्वार बाईपास परियोजना को समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे यातायात दबाव में कमी आएगी तथा श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। सीएम धामी ने कोटद्वार बाईपास परियोजना के कार्यों में भी तेजी लाने का अनुरोध किया, जिससे क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था सुगम हो सके और स्थानीय जनता को जाम की समस्या से राहत मिले। दोनों ही प्रस्तावों को सहमति प्रदान की गई।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम

