Samachar Nama
×

सीएम नीतीश कुमार ने मैट्रिक परीक्षा में सफल परीक्षार्थियों को दी बधाई, रिजल्ट देखकर जताई प्रसन्नता

पटना, 29 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मैट्रिक की परीक्षा में सफल होने वाले तमाम छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस बार परीक्षा में 81.79 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए हैं। इसमें छात्राओं की उत्तीर्णता का प्रतिशत 86.23 है, जबकि छात्रों की उत्तीर्णता का प्रतिशत 84.09 है।

मुख्यमंत्री ने इस परिणाम को लेकर कहा कि इस बार मैट्रिक की परीक्षा में दो छात्राओं ने संयुक्त रूप से टॉप किया है, साथ ही कुल मिलाकर सभी छात्राओं का प्रदर्शन भी अच्छा रहा है। मुख्यमंत्री ने छात्राओं के इस प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इसके लिए छात्राओं के साथ ही उनके अभिभावक भी बधाई के पात्र हैं। छात्राओं की यह उपलब्धि महिला सशक्तीकरण का बड़ा उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि बालिकाओं के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों ने भी अच्छी सफलता हासिल की है। सभी सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की मैं कामना करता हूं। इससे पहले बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक (10वीं) का परीक्षा परिणाम रविवार को जारी किया गया। मैट्रिक परीक्षा में भी इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम की तरह छात्रों से आगे छात्राएं नजर आ रही हैं।

टॉपर सूची में पहले स्थान पर दो छात्राओं ने संयुक्त रूप से कब्जा जमाया। जमुई स्थित सिमुलतला आवासीय विद्यालय की पुष्पांजलि कुमारी और उच्च माध्यमिक विद्यालय, छौड़ाही (वैशाली) की सबरीन परवीन ने 500 में से 492 अंक हासिल किए हैं।

पहले तीन स्थानों में शामिल पांच परीक्षार्थियों में चार छात्राएं हैं। प्रदेश भर में दूसरे स्थान पर बेगूसराय की नाहिद सुल्ताना ने 489 अंक के साथ 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। इसी तरह तीसरे स्थान पर यूसीसी माध्यमिक विद्यालय, बक्सर की अनूपा कुमारी और बेगूसराय के ओम कुमार हैं, जिन्होंने 488 नंबर के साथ 97.6 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीएससी

Share this story

Tags