Samachar Nama
×

सीएम मोहन यादव ने मुख्यमंत्री नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से की शिष्टाचार भेंट, विकास मुद्दों पर हुई चर्चा

सीएम मोहन यादव ने मुख्यमंत्री नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से की शिष्टाचार भेंट, विकास मुद्दों पर हुई चर्चा
सीएम मोहन यादव ने मुख्यमंत्री नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से की शिष्टाचार भेंट, विकास मुद्दों पर हुई चर्चा

अमरावती, 17 अक्‍टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्‍यमंत्री पवन कल्‍याण से शिष्टाचार मुलाकात की। पवन कल्याण ने मोहन यादव को उप्पड़ा रेशमी शॉल भेंट करके सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के शिविर कार्यालय में उनसे मुलाकात की। मुलाकात के दौरान, चंद्रबाबू नायडू ने मोहन यादव को आंध्र प्रदेश में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी, जिनमें राज्य की राजधानी अमरावती का निर्माण भी शामिल है।

मंत्री नारा लोकेश ने मुख्यमंत्री आवास पर मोहन यादव का स्वागत किया। लोकेश ने उन्हें अपनी युवा गलम् पदयात्रा पर एक पुस्तक भेंट की और पदयात्रा के प्रमुख पहलुओं को समझाया।

वहीं, सीएम मोहन यादव ने मंगलगिरी स्थित अपने शिविर कार्यालय में आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से शिष्टाचार मुलाकात की।

मोहन यादव इंद्रकीलाद्री में दशहरा शरणवरात्रि समारोह और विजयवाड़ा उत्सव 2.0 में भाग लेने के लिए विजयवाड़ा पहुंचे थे। उनका पवन कल्याण ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मुलाकात के दौरान, दोनों नेताओं ने आंध्र प्रदेश और मध्य प्रदेश से संबंधित कई महत्वपूर्ण विकास मुद्दों पर चर्चा की।

पवन कल्याण ने नागार्जुनसागर-श्रीशैलम बाघ अभयारण्य (एनएसटीआर) में बाघ संरक्षण उपायों को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जैव विविधता संरक्षण के प्रयासों के तहत अभ्यारण्य में गौर (भारतीय बाइसन) के पुनर्प्रवेश से संबंधित समझौते को शीघ्रता से लागू करने का भी आग्रह किया।

पवन कल्याण ने कहा कि वे जल्द ही मध्य प्रदेश का दौरा करेंगे। इस दौरान, पवन कल्याण ने मोहन यादव को उप्पड़ा रेशमी शॉल भेंट करके सम्मानित किया। उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री को भगवान राम के राज्याभिषेक को दर्शाने वाली कोंडापल्ली हस्तकला, ​​श्रीकालहस्ती कलमकारी कारीगरों द्वारा बनाई गई देवी दुर्गा की एक पेंटिंग और अरकु कॉफी भी भेंट की।

वहीं, मोहन यादव ने पवन कल्याण को ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर से लाई गई भगवान ओंकारेश्वर की मूर्ति और प्रसाद भेंट किया।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम

Share this story

Tags