Samachar Nama
×

सीएम हेमंत सोरेन ने छह वर्षीय बच्चे के इलाज के लिए 48 घंटे में प्रक्रिया पूरी कर 10 लाख की मदद दी

सीएम हेमंत सोरेन ने छह वर्षीय बच्चे के इलाज के लिए 48 घंटे में प्रक्रिया पूरी कर 10 लाख की मदद दी
सीएम हेमंत सोरेन ने छह वर्षीय बच्चे के इलाज के लिए 48 घंटे में प्रक्रिया पूरी कर 10 लाख की मदद दी

रांची, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रामगढ़ जिले के छह वर्षीय अनूप बेसरा के कान के इलाज के लिए 10 लाख रुपए की चिकित्सा सहायता दी है। मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत 48 घंटे के भीतर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर गुरुवार को अनूप के पिता रामकिशुन बेसरा को चेक सौंपा गया। बच्चे का इलाज तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन दिनों अपनी दिवंगत माता रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के सिलसिले में अपने पैतृक गांव नेमरा में हैं। यहां उनसे मिलने पहुंच रहे लोग अपनी समस्याएं भी रख रहे हैं। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को आमजनों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें और मांगें सुनीं। उन्होंने लोगों के आवेदन स्वीकार करते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।

इसी दौरान रामगढ़ जिले के बेराटांड़ के भरेच नगर निवासी रामकिशुन बेसरा ने अपने बेटे अनूप के इलाज में आ रही आर्थिक परेशानी से मुख्यमंत्री को अवगत कराया था। उन्होंने बताया था कि बच्चे के कान के इलाज पर काफी खर्च आने की संभावना है और परिवार के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना मुश्किल है।

चिकित्सकों ने अनूप के आंतरिक कान (इंटरनल ईयर) को बदलने की सलाह दी है। इसके लिए बड़ी रकम की जरूरत थी। रामकिशुन ने नेमरा में मुख्यमंत्री से मिलकर आर्थिक सहायता का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया।

इसके बाद रामगढ़ जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत चिकित्सा अनुदान की प्रक्रिया 48 घंटे के भीतर पूरी कराई। इसके बाद नेमरा में ही अनूप के इलाज के लिए 10 लाख रुपए का चेक उसके पिता को सौंपा गया। आर्थिक सहायता मिलने पर रामकिशुन बेसरा ने राहत जताई। उन्होंने कहा कि इस मदद से अब अपने बेटे के इलाज में काफी सहयोग मिलेगा।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी

Share this story

Tags