LPU में 10 दिन तक बंद रहेंगी क्लास, मिड-टर्म एग्जाम भी टले; छात्रों को घर जाने की सलाह
पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए 10 दिनों के लिए क्लास कैंसिल करने का फैसला लिया गया है. यूनिवर्सिटी में छात्रा से रेप के आरोपों के बाद विरोध प्रदर्शन और तोड़-फोड़ की घटनाएं सामने आई थीं. इसके बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है.
यूनिवर्सिटी की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, सोमवार 28 सितंबर से अगले 10 दिनों तक नियमित कक्षाएं नहीं होंगी. इसके साथ ही इस दौरान होने वाले मिड-टर्म एग्जाम भी स्थगित कर दिए गए हैं. परीक्षाओं का नया शेड्यूल अभी जारी नहीं किया गया है. यूनिवर्सिटी ने कहा है कि नई तारीखों की जानकारी बाद में आधिकारिक तौर पर दी जाएगी.
छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील
LPU प्रबंधन ने छात्रों से शांति बनाए रखने और विश्वविद्यालय की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है. 10 दिन की अवधि के दौरान छात्रों को अपने घर जाने और परिवार के साथ समय बिताने की सलाह दी गई है. वहीं, जो छात्र कैंपस में रहना चाहते हैं, उनसे हॉस्टल, पीजी या अपने कमरों में रहने और अनावश्यक आवाजाही से बचने को कहा गया है.
NH-44 पर छात्रों ने किया था प्रदर्शन
रेप के आरोपों के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय के छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया था. प्रदर्शन के दौरान नेशनल हाईवे-44 को भी जाम किया गया और पुलिस के साथ झड़प की स्थिति बनी. बताया गया कि प्रदर्शन की शुरुआत शनिवार 26 सितंबर की देर रात करीब 1 बजे गर्ल्स हॉस्टल-3 के पास हुई थी.
छात्रों की ओर से आरोप लगाया गया कि घटना से कुछ दिन पहले बाहर से आया एक प्लंबर छात्रा के साथ रेप की घटना में शामिल था. छात्रों का यह भी आरोप था कि हॉस्टल वार्डन को मामले की जानकारी दी गई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हुई. इन आरोपों के बाद कैंपस में विरोध तेज हो गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई.
यूनिवर्सिटी ने सुरक्षा को बताया फैसले की वजह
LPU प्रबंधन ने छात्रों के लिए जारी नोटिस में कहा है कि क्लास बंद करने का फैसला छात्रों की सुरक्षा और उनके हित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. यूनिवर्सिटी ने छात्रों से अपील की है कि वे उग्र प्रदर्शन से दूर रहें और आगे की जानकारी के लिए विश्वविद्यालय के आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखें.

